ग्राम पंचायत कंचनपुर में सरपंच-सचिव पर कार्रवाई की मांग, हाईकोर्ट के आदेश का हवाला देकर कलेक्टर से शिकायत

0 40

(जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव )

 

 

डिंडोरी।

 

शहपुरा जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत कंचनपुर में कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर ग्राम के उप सरपंच,विश्राम सिंह मरावी एवं अन्य ग्रामवासी द्वारा जिला कलेक्टर को शिकायत प्रस्तुत कर सरपंच एवं सचिव को पद से पृथक करने तथा उनके डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट (DSC) बंद करने की मांग की गई है।

 

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ग्राम पंचायत में आंगनबाड़ी भवन निर्माण सहित अन्य कार्यों में अनियमितता तथा बंद जीएसटी बिलों पर भुगतान किए जाने के मामले सामने आए थे। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, पूर्व में हुई कार्रवाई में सरपंच-सचिव पर करीब ₹5.65 लाख की वसूली निर्धारित की गई थी। इसके बाद संबंधित पक्ष द्वारा उच्च न्यायालय, जबलपुर में 50 प्रतिशत राशि जमा करने की शर्त पर स्थगन प्राप्त किया गया।

 

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इसके बावजूद ग्राम पंचायत में पुनः अनियमितताओं को लेकर तत्कालीन कलेक्टर के समक्ष 9 बिंदुओं में शिकायत प्रस्तुत की गई थी। जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत होने के बाद भी करीब आठ माह तक कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया है।

 

इसी मामले को लेकर उच्च न्यायालय, जबलपुर में W.P. क्रमांक 31445/2026 के माध्यम से याचिका दायर किए जाने का उल्लेख शिकायत में किया गया है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, 10 अगस्त 2026 को हुई सुनवाई में न्यायालय के आदेश के आधार पर सरपंच-सचिव के विरुद्ध धारा 40 के तहत कार्रवाई किए जाने तथा अनियमितताओं की राशि की नियमानुसार वसूली की मांग की गई है।

 

शिकायत में कलेक्टर से मांग की गई है कि ग्राम पंचायत कंचनपुर के कार्यों एवं जनहित को देखते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाए, अनियमितताओं की राशि की वसूली कराई जाए तथा आवश्यक होने पर संबंधितों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई जाए। साथ ही ग्राम पंचायत के सुचारु संचालन के लिए कार्यवाहक उपसरपंच को पंचायत का प्रभार सौंपने का अनुरोध किया गया है।

 

यह शिकायत 18 अगस्त 2026 को प्रस्तुत की गई है। इसकी प्रतिलिपि मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डिंडोरी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत शहपुरा, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व शहपुरा तथा थाना प्रभारी शहपुरा को भी सूचनार्थ भेजी गई है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment