आजादी का जश्न कल, सीधी तैयार: परेड ग्राउंड में फाइनल रिहर्सल, सुरक्षा से सम्मान तक हर व्यवस्था चाक-चौबंद

0 322

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी(मध्य प्रदेश)

सीधी जिले में 15 अगस्त के मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी एवं अपर कलेक्टर बी.पी. पाण्डेय ने पुलिस परेड ग्राउंड पहुंचकर सुरक्षा, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, साफ-सफाई और विद्युत प्रबंधों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं तय समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी हों, ताकि राष्ट्रीय पर्व का आयोजन गरिमामय एवं भव्य तरीके से संपन्न कराया जा सके।

स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए परेड ग्राउंड में अंतिम रिहर्सल भी आयोजित किया गया। ध्वजारोहण, परेड, मार्चपास्ट, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य गतिविधियों का मिनट-टू-मिनट पूर्वाभ्यास किया गया। अधिकारियों ने रिहर्सल के दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की और आवश्यक सुधार संबंधी निर्देश दिए, जिससे मुख्य समारोह के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था या बाधा उत्पन्न न हो।

जिला प्रशासन के अनुसार 15 अगस्त को प्रातः 9 बजे स्थानीय पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में कलेक्टर विकास मिश्रा ध्वजारोहण करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन, देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों एवं प्रतिभागियों का सम्मान किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस को लेकर जिलेभर में उत्साह और देशभक्ति का माहौल देखने को मिल रहा है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment