शासकीय कर्मचारी पर अनियमितता के आरोप, जांच की मांग

रामपुर नैकिन। जिले के जनपद पंचायत रामपुर नैकिन अंतर्गत ग्राम पंचायत चकड़ौर में एक शासकीय कर्मचारी के खिलाफ अनियमितता और कार्य में लापरवाही के आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत सामने आई है। शिकायतकर्ता ने संबंधित अधिकारियों को आवेदन देकर मामले की जांच कर दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संबंधित कर्मचारी निर्धारित समय पर अपने कार्यस्थल पर उपस्थित नहीं रहते तथा सौंपे गए दायित्वों का समुचित निर्वहन नहीं कर रहे हैं। इसके चलते ग्राम पंचायत से संबंधित कार्य प्रभावित होने की बात कही गई है।
शिकायतकर्ता ने अधिकारियों से मामले की मौके पर जांच कराने तथा लगाए गए आरोपों की वास्तविकता सामने लाने की मांग की है। साथ ही आवेदन में कहा गया है कि यदि जांच के दौरान आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए, जिससे शासकीय कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
उपसरपंच ने लगाए गंभीर आरोप
ग्राम पंचायत चकड़ौर के उपसरपंच सूरज द्विवेदी ने कहा कि ग्राम पंचायत में होने वाले कार्यों से संबंधित जानकारी सरपंच, सचिव एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा ग्राम पंचायत के कार्यकर्ता को उपलब्ध नहीं कराई जाती है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उनके द्वारा जिला पंचायत सीईओ को अवगत कराया गया है।
उपसरपंच के अनुसार, जिला पंचायत सीईओ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पूरे प्रकरण की जांच कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि जांच में यदि कोई कर्मचारी या अधिकारी लापरवाह पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अब देखना यह है कि शिकायत के बाद विभागीय जांच कब शुरू होती है और जांच में लगाए गए आरोपों की क्या सच्चाई सामने आती है।