सीधी में बिजली कटौती और हैंडपंपों की बदहाली पर कांग्रेस का सरकार पर हमला

कुचवाही में बिजली कार्यालय का घेराव, अघोषित कटौती और लो-वोल्टेज के खिलाफ प्रदर्शन; हैंडपंपों की मरम्मत को लेकर ज्ञान सिंह ने प्रशासन को घेरा
सीधी। सीधी विधानसभा क्षेत्र के ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुचवाही के तत्वावधान में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ज्ञान सिंह के नेतृत्व में अघोषित बिजली कटौती, लो-वोल्टेज, खराब ट्रांसफार्मर, केबल की समस्या, मनमाने बिजली बिल तथा किसानों को खाद उपलब्ध नहीं होने जैसी जनसमस्याओं को लेकर कुचवाही बिजली कार्यालय का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में सीधी विधानसभा प्रभारी डॉ. विनोद शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राणा प्रताप सिंह ने की।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने कहा कि किसान इस समय खाद की समस्या के साथ-साथ बिजली संकट से भी जूझ रहा है। सिंचाई के लिए किसानों को पर्याप्त और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने किसानों को सिंचाई के लिए 18 घंटे बिजली उपलब्ध कराने, खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलने, लो-वोल्टेज की समस्या दूर करने और मनमाने बिजली बिलों को दुरुस्त करने की मांग की।
सीधी विधानसभा प्रभारी डॉ. विनोद शर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार अघोषित बिजली कटौती और लो-वोल्टेज के कारण आमजन एवं किसान परेशान हैं। खराब ट्रांसफार्मरों को समय पर नहीं बदले जाने से किसानों की सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग की मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समस्याओं का समाधान नहीं होने पर कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद राज्यपाल के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में अघोषित बिजली कटौती रोकने, लो-वोल्टेज दूर करने, खराब ट्रांसफार्मर तत्काल बदलने, केबल की समस्या का निराकरण करने, मनमाने बिजली बिलों को दुरुस्त करने तथा किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने की मांग की गई।
खराब हैंडपंपों को लेकर भी सरकार पर निशाना
इसी क्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने जिले में खराब पड़े हैंडपंपों को लेकर भी भाजपा सरकार और उसके जनप्रतिनिधियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन और भाजपा के जनप्रतिनिधि खराब हैंडपंपों को सुधरवाने में नाकाम हैं तो खराब हैंडपंपों की सूची उन्हें सौंप दी जाए।
ज्ञान सिंह ने कहा कि पीएचई विभाग एवं प्रशासन खराब हैंडपंपों की मरम्मत का खर्च और एस्टीमेट उपलब्ध कराएं, वे अपने स्तर पर उनकी मरम्मत करवाने के लिए प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि जिले में बड़ी संख्या में हैंडपंप खराब पड़े हैं और ग्रामीण पेयजल के लिए परेशान हैं।
उन्होंने कहा कि जनता को पानी उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। यदि सरकार और उसके जनप्रतिनिधि अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल हो रहे हैं तो एक जनसेवक के रूप में वे इस समस्या के समाधान के लिए प्रयास करने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि केवल कागजों और घोषणाओं में विकास नहीं चलेगा, जमीन पर जनता को पानी उपलब्ध कराना होगा।
कार्यक्रम में विनोद मिश्रा, ज्ञानेंद्र अग्निहोत्री, नवीन सिंह, आकाश सिंह रिंकू, प्रदीप सिंह दीपू, जय सिंह, लालवेंद्र सिंह, राणा प्रताप सिंह, अभिमान प्रजापति, हल्के सोनी, संतबहादुर सिंह, अरविंद तिवारी, चंद्रवती साकेत, रमेश सिंह, रणजीत, नागेश्वर साकेत, कासिम बक्स, धर्मराज सिंह, लालजी सिंह, सुदीप द्विवेदी, अलंकार द्विवेदी, गोपाल सिंह, वृंदावन शुक्ला, त्रिभुवन शुक्ला, राघव गुप्ता, तिलकधारी साहू, राजपाल गुप्ता, सी.पी. सिंह सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, मंडलम अध्यक्ष, सेक्टर अध्यक्ष, बीएलए, पंचायत कमेटी अध्यक्ष, कांग्रेस कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।