पांच साल से बदहाल सड़क, फिर भी आवागमन मजबूरी; नदहा पुलिया से महखोर मार्ग की हालत पर उठे सवाल

0 248

सीधी। नदहा पुलिया से सोनबरसा, नरगी होते हुए महखोर मुख्य मार्ग तक जाने वाला महत्वपूर्ण सड़क मार्ग पिछले करीब पांच वर्षों से बदहाली का शिकार है। सड़क की दयनीय स्थिति के बावजूद ग्रामीणों को इसी रास्ते से आवागमन करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार यह मार्ग आसपास के कई गांवों को जोड़ता है। महखोर हायर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ने वाले करीब 50 बच्चों का भी इसी मार्ग से आवागमन होता है। इसके अलावा बरचर बांध एवं जे.पी. प्लांट में कार्यरत स्थानीय कर्मचारियों के लिए भी यह प्रमुख आवागमन मार्ग है।

बताया गया कि यह कोई नया रास्ता नहीं, बल्कि पुराना प्रमुख मार्ग है, जिस पर कभी बसों का संचालन भी हुआ करता था। समय के साथ सड़क की हालत लगातार खराब होती गई और अब जगह-जगह गड्ढों एवं जर्जर स्थिति के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण एवं मरम्मत को लेकर पूर्व सरपंच से लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों तक कई बार शिकायत एवं निवेदन किया जा चुका है, लेकिन पांच साल बीत जाने के बाद भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब इस मार्ग से ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और औद्योगिक परियोजनाओं में कार्यरत कर्मचारियों का नियमित आवागमन होता है, तो आखिर जिम्मेदार विभाग इस सड़क की सुध कब लेगा?

ग्रामीणों ने प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि नदहा पुलिया से सोनबरसा-नरगी होते हुए महखोर मुख्य मार्ग तक सड़क का शीघ्र निरीक्षण कराकर स्थायी निर्माण एवं मरम्मत कार्य कराया जाए, ताकि वर्षों से चली आ रही समस्या से लोगों को राहत मिल सके।

ग्रामीणों का आरोप है कि पांच वर्षों से सड़क की यह स्थिति बनी हुई है, लेकिन अब तक किसी बड़े मीडिया मंच पर इस गंभीर समस्या को प्रमुखता से नहीं उठाया गया।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment