सीएम हेल्पलाइन के निराकरण में लापरवाही, परियोजना अधिकारी निलंबित

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में उदासीनता पर कमिश्नर ने की कार्रवाई

0 232

 

सीधी, 8 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतना सीधी जिले के एक अधिकारी को भारी पड़ गया। रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेंद्र सिंह ने परियोजना अधिकारी रामपुर नैकिन-2 एवं अतिरिक्त प्रभार रामपुर नैकिन-1 शिवानंद शुक्ला को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

यह कार्रवाई मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम 9(1)(क) के तहत की गई है। जानकारी के अनुसार 7 अगस्त को रामपुर नैकिन विकासखंड के पटना क्लस्टर की ग्राम पंचायत पटना, मझिगवां, पिपराव एवं बूढ़गौना में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के शिविर आयोजित किए गए थे। इन शिविरों में लंबित सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे।

इसके बावजूद परियोजना अधिकारी द्वारा शिकायतों के निराकरण में गंभीर लापरवाही एवं उदासीनता बरती गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए कमिश्नर ने निलंबन की कार्रवाई की।

निलंबन अवधि में शिवानंद शुक्ला का मुख्यालय जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, सीधी निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

कमिश्नर शीलेंद्र सिंह ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक चलने वाले मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के दौरान शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक शत-प्रतिशत पहुंचाया जाए। आमजन की शिकायतों का मौके पर ही त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

कमिश्नर ने स्पष्ट किया है कि अभियान के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment