पॉइंट्समैन कैडर रीस्ट्रक्चरिंग लागू, 66 हजार से अधिक रेल कर्मचारियों को मिलेगा लाभ

मुबारक अली संवाददाता
शाहजहांपुर। ऑल इंडिया रेलवे मेन्स फेडरेशन (AIRF) एवं एनआरएमयू की मांग पर महामंत्री शिवगोपाल मिश्रा के निरंतर प्रयासों के बाद वित्त मंत्रालय एवं रेलवे बोर्ड की स्वीकृति से ऑपरेटिंग विभाग के पॉइंट्समैन कैडर की कैडर रीस्ट्रक्चरिंग लागू कर दी गई है। इससे रेलवे के 66 हजार से अधिक यातायात कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिलेगा।
इसी क्रम में सहायक मंडल मंत्री नरेंद्र कुमार त्यागी और शाखा सचिव शिवकुमार सक्सेना अपनी टीम के साथ रेलवे यातायात ट्रेनिंग स्कूल, कचहरी हॉल्ट पहुंचे। यहां मुरादाबाद मंडल के विभिन्न स्थानों से प्रशिक्षण लेने आए पॉइंट्समैन कर्मचारियों के साथ बैठक कर उन्हें कैडर रीस्ट्रक्चरिंग से मिलने वाले लाभों की विस्तार से जानकारी दी गई।
सहायक मंडल मंत्री नरेंद्र कुमार त्यागी ने बताया कि कैडर रीस्ट्रक्चरिंग एक ऐसी प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिलता है। उन्होंने बताया कि महामंत्री शिवगोपाल मिश्रा के प्रयासों से यातायात विभाग के गेटमैन, पॉइंट्समैन, लीवरमैन, स्विचमैन और केबिनमैन के कैडर को मर्ज कर पॉइंट्समैन के ग्रेड-1, ग्रेड-2, ग्रेड-3 और ग्रेड-4 में पुनर्गठित किया गया है।
रीस्ट्रक्चरिंग के तहत ग्रेड-1 लेवल-5 में 4.54 प्रतिशत यानी 3,017 पद, ग्रेड-2 लेवल-4 में 13.63 प्रतिशत यानी 9,052 पद, ग्रेड-3 लेवल-2 में 27.27 प्रतिशत यानी 18,105 पद और ग्रेड-4 लेवल-1 में 54.55 प्रतिशत यानी 36,214 पद निर्धारित किए गए हैं। इस प्रकार कुल 66,388 कर्मचारियों को 3 अप्रैल 2026 से पुनर्गठन का लाभ मिल सकेगा। पदोन्नति के लिए सामान्यतः दो वर्ष की न्यूनतम सेवा अवधि लागू रहेगी।
शाखा सचिव शिवकुमार सक्सेना ने कहा कि सभी कर्मचारी महामंत्री शिवगोपाल मिश्रा के आभारी हैं। उन्होंने कहा कि महामंत्री की सोच हमेशा कर्मचारियों के हित में रही है, जिसके परिणामस्वरूप 66 हजार से अधिक यातायात कर्मचारियों को इसका लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि रेलवे की अन्य कैटेगरी में भी कैडर रीस्ट्रक्चरिंग की प्रक्रिया चल रही है और समय आने पर कर्मचारियों को उसका भी लाभ मिलेगा।
बैठक के दौरान उपस्थित यातायात कर्मचारियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए यूनियन का आभार जताया।
इस अवसर पर पीएस तोमर, अमित कुमार, चंदा, यतेंद्र त्रिवेदी, अविनाश तिवारी, टिंकू कुमार, ओमप्रकाश सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।