हत्या के प्रयास के मामले में 6 आरोपी गिरफ्तार, एक विधि-विरुद्ध बालक भी पकड़ा गया
जमीन विवाद में लाठी-डंडों से मारपीट का आरोप, पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार किए बरामद

सिंगरौली। पुलिस चौकी शासन, थाना बैढ़न की टीम ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक विधि-विरुद्ध बालक को भी दस्तयाब किया है। सभी आरोपियों को 7 अगस्त 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सिंगरौली श्री सियाज के. एम. (भापुसे), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रीय सिन्हा (भापुसे) के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर श्री ललित बैरागी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी बैढ़न अशोक सिंह परिहार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने फरार आरोपियों की तलाश कर उन्हें गिरफ्तार किया।
पुराना जमीन विवाद बना विवाद का कारण
पुलिस के मुताबिक, 26 जून 2026 को फरियादी जगदीश प्रसाद बैंस, निवासी ग्राम पिपरा, चौकी शासन, थाना बैढ़न ने पुलिस चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि भगवान दास बैंस के परिवार से उसके परिवार का पुराना जमीन विवाद चल रहा है। इसी विवाद के चलते भगवान दास बैंस सहित परिवार के अन्य सदस्यों ने उसके परिवार के लोगों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना बैढ़न में अपराध क्रमांक 821/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(b), 115(2), 351(3) एवं 3(5) के तहत मामला कायम कर विवेचना शुरू की गई।
मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर हत्या के प्रयास की धारा जोड़ी
विवेचना के दौरान प्राप्त मेडिकल रिपोर्ट में घायल की गंभीर स्थिति सामने आने के बाद पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 भी जोड़ी। इसके बाद पुलिस द्वारा फरार आरोपियों की तलाश लगातार की जा रही थी।
पुलिस ने 6 अगस्त 2026 को कार्रवाई करते हुए भगवान दास बैंस, विजय बैंस, प्रीतम सिंह बैंस, छोटेलाल बैंस, रामनारायण बैंस एवं राधा कृष्ण बैंस सहित 6 आरोपियों तथा एक विधि-विरुद्ध बालक को ग्राम पिपरा, चौकी शासन, थाना बैढ़न क्षेत्र से दस्तयाब किया।
पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लाठी-डंडे भी बरामद किए। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर 7 अगस्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेज दिया गया।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी शासन बी.एल. बंसल, सउनि. विजय अग्निहोत्री, लेखचंद्र दोहर, सुरेंद्र पांडे, प्रधान आरक्षक सुमित रावत, मोहम्मद कौसर, बलराज सिंह, हेमराज पटेल, देवेंद्र सिंह, लल्लू सिंह, आरक्षक जितेंद्र सिंह, राहुल सिंह, अनिल सिंह एवं सहजानंद सिंह सहित पुलिस टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।