शाहजहाँपुर: महिला से छिनैती और मारपीट के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार, 350 रुपए बरामद

मुबारक अली संवाददाता
शाहजहाँपुर। राजीव कुमार प्रभारी निरीक्षक थाना सदर बाजार के नेतृत्व में सदर बाजार पुलिस ने महिला के साथ कथित तौर पर छिनैती, मारपीट और अभद्रता के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 350 रुपए नगद बरामद किया है।
राजीव कुमार प्रभारी निरीक्षक थाना सदर बाजार ने बताया कि, 6 अगस्त को एक महिला की तहरीर पर थाना सदर बाजार में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि नवेद उर्फ कासिफ और उसके साथियों ने महिला का रास्ता रोककर उसके साथ जबरदस्ती की, मारपीट की, गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी तथा उससे 700 रुपये छीन लिए।
मामले की विवेचना के दौरान थाना सदर बाजार पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नवेद उर्फ कासिफ (25 वर्ष), निवासी मोहल्ला तारीन बहादुरगंज, थाना सदर बाजार को रिंग रोड आउटर से सुभाष नगर से शहबाज नगर जाने वाले मार्ग पर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से 350 रुपये नगद बरामद हुए, जिसके आधार पर मुकदमे में संबंधित धारा की बढ़ोतरी की गई।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सूरज सिंह एवं कांस्टेबल संजय पोसवाल शामिल रहे।