मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के शुभारंभ की तैयारियों का कलेक्टर ने लिया जायजा

शिविर स्थल, विद्यालय एवं आंगनवाड़ी केंद्र का किया निरीक्षण
रिपोर्टर-सोहन श्याम
डिंडौरी-मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के शुभारंभ को लेकर डिंडौरी जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के नेतृत्व में वरिष्ठ अधिकारियों का दल शुक्रवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय से बस द्वारा विकासखंड अमरपुर के लिए रवाना हुआ। अमरपुर पहुंचने पर कलेक्टर ने ग्राम सिधौली में आयोजित होने वाले अभियान के शिविर स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने स्थानीय विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई, उपलब्ध सुविधाओं एवं भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली तथा नियमित अध्ययन, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही पोषण, शिक्षा एवं अन्य सेवाओं की समीक्षा की तथा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत सिधौली से प्रारंभ होने वाला यह अभियान शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने, विकास कार्यों की समीक्षा करने तथा आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है। जिला प्रशासन अभियान के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित कर रहा है।