5वें और 15वें वित्त आयोग की राशि में अनियमितता, नगर परिषद शहपुरा के सहायक ग्रेड-02 निलंबित

(जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव)
: डिंडौरी। नगर परिषद शहपुरा में 5वें एवं 15वें वित्त आयोग की राशि के व्यय में वित्तीय अनियमितता पाए जाने के मामले में कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सहायक ग्रेड-02 श्री भूपतराम साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जारी आदेश के अनुसार, प्रकरण की गंभीरता तथा निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम-9 के तहत यह कार्रवाई की गई है।
निलंबन अवधि के दौरान श्री भूपतराम साहू का मुख्यालय नगर परिषद डिंडौरी निर्धारित किया गया है। उन्हें सक्षम प्राधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी। नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर परिषद शहपुरा को निर्देश दिए हैं कि संबंधित प्रकरण का आरोप पत्र तैयार कर आवश्यक अभिलेखों सहित सात दिवस के भीतर कार्यालय में प्रस्तुत किया जाए, ताकि मामले की नियमानुसार जांच और आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। :::