नर्मदा पुल से महिला ने लगाई छलांग, स्थानीय युवकों की बहादुरी से बची जान

0 303

(जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव)

 

 

डिंडोरी। जिला मुख्यालय में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब पारिवारिक विवाद से आहत एक महिला ने नर्मदा पुल से नदी में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद लोगों और नर्मदा घाट पर स्नान कर रहे युवकों की सतर्कता एवं साहस के चलते महिला को सुरक्षित बचा लिया गया।

 

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8 बजे 28 से 30 वर्षीय एक महिला नर्मदा पुल पर रोती-बिलखती दिखाई दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ देर बाद उसने अचानक पुल से नदी में छलांग लगा दी। महिला को नदी में गिरते देख घाट पर मौजूद लोगों ने तत्काल शोर मचाया। इसी दौरान एक युवक ने अपनी जान की परवाह किए बिना नर्मदा के तेज बहाव में छलांग लगा दी। अन्य लोगों के सहयोग से महिला को पुल से लगभग 100 मीटर दूर गायत्री घाट के पास सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

 

नदी से बाहर निकालने के बाद महिला लगातार रोती रही और पारिवारिक विवाद से परेशान होने की बात कहती रही। घाट पर मौजूद महिलाओं और स्थानीय लोगों ने उसे समझाने का प्रयास किया तथा पुलिस में शिकायत करने की सलाह दी, लेकिन महिला ने किसी भी प्रकार की शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया। काफी पूछताछ के बावजूद उसने अपना नाम और पता भी नहीं बताया।

 

घटना की सूचना मिलने पर महिला का ममेरा भाई गायत्री घाट पहुंचा। उसने बताया कि महिला एक दिन पहले से घर से लापता थी। काफी समझाइश के बाद वह अपनी बहन को अपने साथ घर ले गया। सूत्रों के अनुसार महिला कुकर्रामठ क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है।

 

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे महिला रोते हुए पुल के आसपास घूम रही थी। कुछ देर बाद उसने अचानक नदी में छलांग लगा दी। समय रहते स्थानीय लोगों और युवक की सूझबूझ व बहादुरी से एक बड़ा हादसा टल गया। महिला ने फिलहाल अपने परिजनों के विरुद्ध किसी प्रकार की शिकायत करने से इनकार किया है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment