आवारा पशुओं के कारण बाइक दुर्घटनाग्रस्त, तीन लोग घायल; दो की हालत गंभीर
सिहावल-अमिलिया मार्ग पर आवारा मवेशियों का बढ़ता खतरा, ग्रामीणों ने की ठोस कार्रवाई की मांग

सीधी। जिले के सिहावल विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अतरैला के पास बुधवार देर रात लगभग 10:40 बजे आवारा पशुओं को बचाने के प्रयास में एक मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए, जिनमें दो को गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की सूचना ग्रामीणों ने तत्काल संजीवनी 108 एंबुलेंस और डायल 112 पुलिस को दी। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के डॉक्टर शिव शंकर, पायलट सत्येंद्र कुमार शुक्ला तथा डायल 112 (वाहन क्रमांक CG 04 NW 2545) की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिहावल पहुंचाया गया।
घायलों में शिवदयाल नाई (पिता रामलखन) को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं रवि पटेल (पिता अमित पटेल), निवासी ग्राम देवगांव, के मुंह और पैर में चोटें आई हैं। अन्य घायल को भी उपचार के लिए अस्पताल लाया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अमिलिया से सिहावल तक सड़क पर बड़ी संख्या में आवारा मवेशी बैठे रहते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। साथ ही इस मार्ग की जर्जर सड़क भी हादसों का बड़ा कारण बन रही है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से आवारा पशुओं को सड़क से हटाने और सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, इस मामले में जिला संयोजक लोकेश सिंह बघेल के मार्गदर्शन में आवश्यक सहयोग एवं समन्वय का कार्य किया गया।