10 अगस्त को जहानाबाद में होगा ‘जेल भरो आंदोलन’, किसान सभा व खेत मजदूर यूनियन ने बनाई रणनीति

एमएसपी, भूमिहीनों को जमीन, स्मार्ट मीटर रद्द सहित विभिन्न मांगों को लेकर डीएम कार्यालय पर होगा प्रदर्शन

0 84

 

जहानाबाद। बिहार राज्य किसान सभा एवं बिहार प्रांतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन (BPKGMU) की संयुक्त अंचल समिति की बैठक सोमवार को सीपीएम जिला कार्यालय, देवरिया में कॉमरेड रामपुर सेक की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का संचालन अंचल प्रभारी कॉमरेड रामप्रसाद पासवान ने किया।

बैठक को कॉमरेड जगदीश प्रसाद, कॉमरेड दिनेश प्रसाद, कॉमरेड रामप्रसाद पासवान, कॉमरेड दिलीप कुमार एवं कॉमरेड रामनरेश कुमार ने संबोधित किया। वक्ताओं ने संगठन को मजबूत करने और जनसमस्याओं को लेकर व्यापक आंदोलन चलाने का आह्वान किया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 10 अगस्त 2026 को देशव्यापी “जेल भरो आंदोलन” के तहत जहानाबाद जिला मुख्यालय में विशाल प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। प्रदर्शन गांधी मैदान के दक्षिणी छोर से शुरू होकर डीएम कार्यालय तक पहुंचेगा। नेताओं ने बताया कि यह आंदोलन केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है।

आंदोलन की तैयारी के लिए 4 से 8 अगस्त तक पंचायत स्तर पर संपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान कार्यकर्ता लारसा, आमैन, पंडुई, जामूक सहित विभिन्न गांवों का दौरा कर लोगों से आंदोलन में शामिल होने की अपील करेंगे।

बैठक में प्रमुख मांगों में सभी फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी, भूमिहीनों को 5 डिसमिल आवासीय भूमि, चारों श्रम कानूनों को रद्द करने, मानदेय कर्मियों को ₹26,000 प्रतिमाह मानदेय, महंगाई और बेरोजगारी पर नियंत्रण, महिलाओं, अल्पसंख्यकों एवं कमजोर वर्गों पर अत्याचार रोकने, स्मार्ट मीटर योजना रद्द करने, मकानों एवं टोल पर कर समाप्त करने, पेपर लीक पर रोक, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं निशुल्क करने, लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा, किसानों की भूमि का बिना उचित मुआवजे अधिग्रहण रोकने तथा पेयजल संकट का समाधान करने की मांग शामिल हैं।

बैठक के अंत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इन जनसमस्याओं को लेकर 10 अगस्त को डीएम कार्यालय के समक्ष विशाल प्रदर्शन एवं जेल भरो आंदोलन आयोजित किया जाएगा।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment