अटल पेंशन योजना में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर डिण्डौरी जिला सम्मानित

कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कलेक्ट्रेट सभागार में टीम को किया सम्मानित, उत्कृष्ट कार्य जारी रखने का किया आह्वान
अटल पेंशन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए डिण्डौरी जिले को भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। इसके उपरांत सोमवार को कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान अग्रणी जिला प्रबंधक, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों तथा योजना के क्रियान्वयन से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित कर उनकी सराहना की।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि डिण्डौरी जिले ने टीमवर्क, समर्पण और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता के बल पर यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं बैंक कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि इसी प्रकार समन्वित प्रयासों के साथ कार्य करते रहें, ताकि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध रूप से पहुंचाया जा सके।
उल्लेखनीय है कि 29 जुलाई 2026 को भोपाल में पेंशन निधि विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (PFRDA) एवं राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (SLBC) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में डिण्डौरी जिले को सम्मानित किया गया। वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिले को अटल पेंशन योजना के अंतर्गत 3,775 नए पंजीयन का लक्ष्य प्राप्त हुआ था, जिसके विरुद्ध जिले में 10,208 नए पंजीयन किए गए। इस प्रकार जिले ने लक्ष्य के विरुद्ध 270.41 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज कर प्रदेश में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने इस उपलब्धि के लिए अग्रणी जिला प्रबंधक, जिले के सभी बैंकों, संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी सभी इसी समर्पण और उत्कृष्ट कार्यशैली के साथ कार्य करते हुए जिले को नई उपलब्धियां दिलाएंगे।