10 अगस्त को जहानाबाद में होगा ‘जेल भरो आंदोलन’, किसान सभा और ग्रामीण मजदूर यूनियन ने बनाई रणनीति

मखदुमपुर, 2 अगस्त। बिहार राज्य किसान सभा एवं बिहार प्रांतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन (BPKGMU) की संयुक्त अंचल कमिटी की बैठक रविवार को मिरावीगहा बाबुलबाना में कॉमरेड गिरानी साव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का संचालन अंचल संयोजक कॉमरेड मिथलेश प्रसाद ने किया।
बैठक को कॉमरेड जगदीश प्रसाद, कॉमरेड रामप्रसाद पासवान, कॉमरेड दिलीप कुमार एवं कॉमरेड ओमप्रकाश सिंह ने संबोधित किया। इस दौरान कॉमरेड अरविंद कुमार, कॉमरेड कृष्णा प्रसाद यादव, कॉमरेड खुर्शीद आलम सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक में 10 अगस्त 2026 को देशव्यापी “जेल भरो आंदोलन” के तहत जहानाबाद जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया। आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा होगा।
आंदोलन की तैयारी के लिए 3 अगस्त से 8 अगस्त तक पंचायत स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान कार्यकर्ता कोहरा, सुगौव, कुमारडीह, जमानागंज सहित विभिन्न गांवों का दौरा कर लोगों से संपर्क करेंगे।
बैठक में किसानों, मजदूरों और आम जनता से जुड़े कई मुद्दे उठाए गए। इनमें सभी फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी, भूमिहीन परिवारों को 5 डिसमिल आवासीय भूमि, चार श्रम कानूनों को वापस लेने, मानदेय कर्मियों को ₹26,000 प्रतिमाह मानदेय, महंगाई और बेरोजगारी पर नियंत्रण, महिलाओं, अल्पसंख्यकों एवं कमजोर वर्गों पर अत्याचार रोकने, स्मार्ट मीटर व्यवस्था समाप्त करने तथा मकानों एवं टोल प्लाजा पर टैक्स समाप्त करने जैसी मांगें शामिल हैं।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इन जनसमस्याओं को लेकर 10 अगस्त को जिला मुख्यालय स्थित डीएम कार्यालय के समक्ष विशाल प्रदर्शन किया जाएगा।