अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश: बहरी पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा, चोरी में प्रयुक्त डीसीएम वाहन जब्त

सीधी। जिले की बहरी थाना पुलिस ने शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। साथ ही चोरी की वारदात में प्रयुक्त डीसीएम वाहन (UP96T-5039) भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
पुलिस के अनुसार, ग्राम मायापुर स्थित शासकीय उचित मूल्य की दुकान का ताला तोड़कर बड़ी मात्रा में गेहूं और चावल चोरी कर लिया गया था। जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में एक संदिग्ध डीसीएम वाहन दिखाई दिया। वाहन की जानकारी जुटाने पर पुलिस राजबहोर साकेत तक पहुंची, जिसे बिलासपुर (छत्तीसगढ़) से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में राजबहोर साकेत ने अपने साथियों अमर पटेल, संतोष पटेल तथा अन्य तीन लोगों के साथ चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी अमर पटेल को रीवा जिले के ढेकहा से गिरफ्तार कर लिया। उसने मायापुर के अलावा पड़रिया, तरका और खोचीपुर स्थित शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में भी चोरी करना स्वीकार किया।
जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह के सदस्यों के खिलाफ रीवा, मऊगंज, पन्ना, सतना, शहडोल और मैहर सहित कई जिलों में चोरी के मामले दर्ज हैं। इससे गिरोह के अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय होने की पुष्टि हुई है।
पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त डीसीएम वाहन जब्त कर लिया है। मामले की विवेचना जारी है तथा गिरोह के अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश पाण्डेय, सहायक उपनिरीक्षक अविनेश चौधरी, प्रधान आरक्षक दिनेश सिंह, आरक्षक चैतन्य मिश्रा, राजकमल सिंह एवं प्रभात तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।