सीधी में सफारी-अल्टो की भिड़ंत, 3 गंभीर घायल

तीनों के सिर में आई गंभीर चोटें, प्राथमिक उपचार के बाद रीवा रेफर; सिंगरौली जा रही थी अल्टो
सीधी। जिले के जोगीपुर बायपास पर मंगलवार देर रात करीब 12 बजे तेज बारिश के बीच एक सफारी वाहन और अल्टो कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल सीधी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए संजय गांधी मेडिकल कॉलेज, रीवा रेफर कर दिया गया।
तेज बारिश और कम दृश्यता बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अल्टो कार सीधी से सिंगरौली की ओर जा रही थी, जबकि सामने से सफारी वाहन आ रहा था। हादसे के समय क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी, जिससे सड़क पर दृश्यता काफी कम थी। इसी दौरान दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा और कार में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
108 एम्बुलेंस ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। ऑन-ड्यूटी पायलट गौरव तिवारी एवं सहायक उमंग मिश्रा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन सिर में गंभीर चोट होने के कारण तीनों को बेहतर इलाज के लिए रीवा रेफर कर दिया गया।
रीवा जिले के रहने वाले हैं घायल
घायलों की पहचान धीरेंद्र शर्मा (28) पिता राजमणि शर्मा, निवासी ग्राम नकटा, थाना बैकुंठपुर, जिला रीवा; संदीप मिश्रा (37) पिता रंगनाथ मिश्रा, निवासी ग्राम तेंदुआ पेकान, थाना समान, जिला रीवा; तथा देवेश तिवारी (26) पिता देवेंद्र तिवारी, निवासी ग्राम जवा, चौथर, जिला रीवा के रूप में हुई है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज बारिश और कम दृश्यता को माना जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, स्थानीय लोगों ने जोगीपुर बायपास क्षेत्र में रात्रि के समय यातायात सुरक्षा और संकेतकों की व्यवस्था को और बेहतर बनाने की मांग की है।