विश्व हेपेटाइटिस दिवस पर राजकीय मेडिकल कॉलेज में संगोष्ठी आयोजित

0 35

 

मुबारक अली संवाददाता

शाहजहांपुर। विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर मंगलवार को स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, शाहजहांपुर में जनरल मेडिसिन, माइक्रोबायोलॉजी एवं शिशु एवं बाल रोग विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पुनीत भट्ट ने किया।

 

संगोष्ठी में हेपेटाइटिस रोग की जांच, उपचार, बचाव एवं व्यापक प्रचार-प्रसार के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। प्राचार्य डॉ. पुनीत भट्ट ने बताया कि भारत सरकार एवं प्रदेश सरकार के कार्यक्रमों के माध्यम से हेपेटाइटिस-बी और सी की जांच एवं उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

 

उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में अब तक हेपेटाइटिस-बी के 710 और हेपेटाइटिस-सी के 681 मरीज पंजीकृत किए गए हैं। इनमें हेपेटाइटिस-बी के 125 और हेपेटाइटिस-सी के 100 मरीजों का उपचार पूरा हो चुका है। वहीं, हेपेटाइटिस-बी के 129 मरीजों को दवाएं तथा 69 मरीजों को एसवीआर अवधि पूरा होने के बाद फॉलोअप में रखा गया है।

 

कार्यक्रम में माइक्रोबायोलॉजी विभाग द्वारा हेपेटाइटिस रोग की जांच की जानकारी दी गई। जनरल मेडिसिन विभाग के डॉ. आदित्य मेहता ने हेपेटाइटिस के उपचार पर प्रकाश डाला, जबकि शिशु एवं बाल रोग विभाग के डॉ. अमित कुमार सिंह ने हेपेटाइटिस-बी टीकाकरण के संबंध में जानकारी दी। संगोष्ठी में मेडिकल कॉलेज के विभिन्न विभागों के चिकित्सक उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment