समनापुर पुलिस की बड़ी सफलता: हत्या का आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार, जंगल में घेराबंदी कर दबोचा

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव
डिण्डौरी, 27 जुलाई। समनापुर थाना पुलिस ने हत्या के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। आरोपी घटना के बाद घने जंगल में छिप गया था, जहां पुलिस ने विशेष सर्च अभियान चलाकर उसे धर दबोचा।
जानकारी के अनुसार, 26 जुलाई की सुबह लगभग 8:30 बजे थाना समनापुर क्षेत्र के ग्राम पिपरिया में एक व्यक्ति की हत्या की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक हरिशंकर तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में मृतक की पहचान कमल सिंह मरावी के रूप में हुई।
मृतक की पत्नी हिंरदिया बाई ने पुलिस को बताया कि दशगात्र कार्यक्रम से लौटते समय गांव के सुकल सिंह मरावी का उसके पति से विवाद हो गया। विवाद के बाद आरोपी ने तालाब के पास कमल सिंह मरावी को पकड़कर पत्थर से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी जंगल की ओर फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आशीष खरे एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेखा धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश पर एसडीओपी बजाग विवेक कुमार गौतम के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने आरोपी की संभावित लोकेशन का विश्लेषण कर घने जंगल में लगातार चार से पांच घंटे तक सर्च अभियान और घेराबंदी की। आखिरकार आरोपी सुकल सिंह मरावी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला जेल डिण्डौरी भेज दिया गया।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में एसडीओपी बजाग विवेक कुमार गौतम, थाना प्रभारी समनापुर निरीक्षक हरिशंकर तिवारी, उप निरीक्षक लक्ष्मीप्रसाद पुष्पकार, सउनि. संतोष यादव, सउनि. कमल सिंह उइके, सउनि. खेमवती मरावी, प्रधान आरक्षक भारत लाल बसन्त, राजेश मरावी, संतोष धुर्वे, कृष्णपाल सिंह तथा आरक्षक सुनील कुमार पट्टा की विशेष भूमिका रही।