ड्रंकन ड्राइविंग के खिलाफ अभियान में 2081 वाहनों के चालान, 19 चालक नशे में वाहन चलाते मिले

मुबारक अली संवाददाता
शाहजहांपुर। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों के पालन को लेकर शाहजहांपुर पुलिस ने 25 और 26 जुलाई की रात विशेष ड्रंकन ड्राइविंग एवं सड़क सुरक्षा अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार, को यातायात शुभम वर्मा, प्रभारी निरीक्षक यातायात बच्चू सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस और संबंधित थाना पुलिस की टीमों ने जिले के टोल प्लाजाओं, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर सघन वाहन चेकिंग की।
अभियान के दौरान वाहन चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई। नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहन चालकों को शराब पीकर वाहन न चलाने, हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए वाहन न चलाने के लिए जागरूक किया।
पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान 19 चालान ड्रंकन ड्राइविंग, 3 मॉडिफाइड साइलेंसर, 60 प्रेशर हॉर्न व हूटर और 1133 बिना हेलमेट वाहन चलाने के किए गए। विभिन्न यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कुल 2081 चालान किए गए।
यातायात पुलिस ने शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों पर भी यातायात जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। पुलिस ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के विशेष प्रवर्तन एवं जनजागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेंगे।