जनपद पंचायत भवन परिसर बजाग में दुकानों का खुली नीलामी

रिपोर्टर-सोहन श्याम
बजाग-डिंडौरी जिले के बजाग में जनपद पंचायत बजाग के सभा कक्ष में शुक्रवार को जनपद आवासीय भवन परिसर में निर्मित पांच दुकानों की खुली नीलामी पारदर्शी एवं नियमबद्ध तरीके से आयोजित की गई। नीलामी में कुल 19 बोलीदाताओं ने बैंक ड्राफ्ट (डीडी) जमा कर भाग लिया। निर्धारित प्रक्रिया के तहत सर्वाधिक बोली लगाने वाले पांच बोलीदाताओं को दुकानों का आवंटन किया गया। सफल बोलीदाताओं द्वारा नियमानुसार राशि जमा करने के बाद अधिकारियों ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर दुकानों का आवंटन किया।
जनपद पंचायत बजाग द्वारा जारी संशोधित नीलामी सूचना के अनुसार जनपद आवासीय भवन परिसर में निर्मित 10×12 आकार की पांच दुकानों की खुली नीलामी शुक्रवार को जनपद पंचायत बजाग के सभा कक्ष में आयोजित की गई। प्रत्येक दुकान का मासिक किराया 5 हजार रुपये एवं ऑफसेट प्रीमियम 4 लाख रुपये निर्धारित किया गया था। इनमें तीन दुकानें अनुसूचित जनजाति वर्ग तथा दो दुकानें अनारक्षित वर्ग के लिए आरक्षित थीं।
नीलामी में शामिल होने के लिए निर्धारित तिथि तक बैंक ड्राफ्ट (डीडी) जमा करना अनिवार्य था। कुल 19 बोलीदाताओं ने डीडी जमा कर खुली नीलामी में भाग लिया। नीलामी प्रारंभ होने से पहले उपस्थित अधिकारियों द्वारा सभी बोलीदाताओं को नीलामी की प्रक्रिया, नियम एवं शर्तों की बिंदुवार जानकारी दी गई। इसके बाद सभी दुकानों के लिए क्रमवार खुली बोली शुरू की गई।
खुली नीलामी में सर्वाधिक बोली लगाने वाले सफल बोलीदाता इस प्रकार रहे—
दुकान क्रमांक 1 – सेवा सिंह मिड़ली – ₹6 लाख 50 हजार
दुकान क्रमांक 2 – काशी तेकाम – ₹5 लाख 55 हजार
दुकान क्रमांक 3 – संदीप मरकाम सिंगार सत्ती– ₹4 लाख 45 हजार
दुकान क्रमांक 4 – उमेश कुमार साहू, बजाग – ₹10 लाख 10 हजार
दुकान क्रमांक 5 – शिवम साहू, बजाग – ₹9 लाख 40 हजार
नीलामी की शर्तों के अनुसार सफल बोलीदाताओं ने निर्धारित राशि जमा की। इसके उपरांत उपस्थित अधिकारियों ने आवश्यक दस्तावेजी एवं प्रशासनिक औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए पांचों दुकानों का आवंटन संबंधित सफल बोलीदाताओं के नाम कर दिया।
पूरी नीलामी प्रक्रिया एसडीएम बजाग, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बजाग, जनपद अध्यक्ष, जनपद उपाध्यक्ष तथा जनपद पंचायत के अधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न हुई। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, व्यापारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन भी मौजूद रहे। प्रशासन ने पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं शासन के निर्धारित नियमों के अनुरूप शांति पूर्वक संपन्न कराया।