8 साल पहले 10 लाख निकले, अब गौशाला बनी तो मजदूरों की मजदूरी अटकी; 30 श्रमिक 6 महीने से भुगतान के इंतजार में

2018 में बिना निर्माण राशि निकासी के आरोप, रिकवरी के आदेश भी बेअसर; जिला पंचायत सीईओ ने जल्द भुगतान का दिया आश्वासन
सीधी। जिले की ग्राम पंचायत लौआर (पैपखार) में वर्ष 2018 की गौशाला निर्माण योजना एक बार फिर विवादों में आ गई है। आठ वर्ष पहले गौशाला का निर्माण किए बिना ही करीब 10 लाख रुपये की राशि निकालने के आरोप लगे थे। अब जब करीब 38 लाख रुपये की लागत से गौशाला का निर्माण पूरा हो चुका है, तब निर्माण कार्य में लगे लगभग 30 मजदूर पिछले छह महीने से अपनी मजदूरी के भुगतान का इंतजार कर रहे हैं। इससे पूरे मामले में भ्रष्टाचार और प्रशासनिक लापरवाही पर फिर सवाल उठने लगे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि वर्ष 2018 में तत्कालीन सरपंच, सचिव और रोजगार सहायक की कथित मिलीभगत से बिना निर्माण कार्य पूरा किए ही करीब 10 लाख रुपये की राशि निकाल ली गई थी। शिकायत के बाद तत्कालीन जिला पंचायत सीईओ और कलेक्टर ने राशि की रिकवरी के आदेश भी दिए थे, लेकिन आज तक न तो राशि की वसूली हो सकी और न ही जिम्मेदारों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई हुई।
समाजसेवी कमलेंद्र सिंह ने बताया कि रिकॉर्ड में टॉप बीम तक का भुगतान दर्शाया गया था, जबकि मौके पर केवल नींव का निर्माण हुआ था। बाद में जिला पंचायत सीईओ शैलेंद्र सिंह सोलंकी के आश्वासन के बाद शेष राशि से ग्रामीणों ने मिलकर गौशाला का निर्माण पूरा कराया।
ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद करीब 30 मजदूरों को पिछले छह महीने से मजदूरी नहीं मिली है। उनका यह भी आरोप है कि निर्माण के दौरान जनपद पंचायत का कोई अधिकारी निरीक्षण के लिए नहीं पहुंचा।
ग्राम सचिव अरुण कुमार पांडे ने बताया कि मजदूरी भुगतान का प्रस्ताव जनपद पंचायत भेज दिया गया है, लेकिन अब तक राशि जारी नहीं हुई है। वहीं मजदूर वंश पति यादव ने कहा कि छह महीने पहले काम पूरा करने के बावजूद एक भी दिन की मजदूरी नहीं मिली, जिससे उनके परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
शुक्रवार को ग्रामीणों ने मामले की शिकायत जिला पंचायत सीईओ से की। जिला पंचायत सीईओ शैलेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि मजदूरी भुगतान की प्रक्रिया जारी है और जल्द ही श्रमिकों के खातों में राशि भेजी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।