Breaking News

राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में सीधी में कांग्रेस का प्रदर्शन, गांधी चौक पर डेढ़ घंटे सड़क जाम

0 132

सीधी | प्राइड कदम समाचार

राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में मंगलवार रात करीब 8 बजे सीधी शहर के गांधी चौक पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञान सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य मार्ग पर धरना देकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यह प्रदर्शन लगभग डेढ़ घंटे तक चला।

गांधी चौक पर जाम से यातायात प्रभावित

धरना-प्रदर्शन के कारण गांधी चौक से पुराने बस स्टैंड, नए बस स्टैंड, सब्जी मंडी और अस्पताल चौक को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह प्रभावित रहा। सड़क जाम होने से वाहन चालकों और आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा तथा कई लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के आंदोलन को दबाने के लिए पुलिस बल का इस्तेमाल किया गया। साथ ही देश में घटित घटनाओं के लिए केंद्र सरकार, प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को जिम्मेदार ठहराया।

बिना अनुमति हुआ प्रदर्शन, पुलिस रही मुस्तैद

पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने बताया कि इस धरना-प्रदर्शन के लिए पूर्व अनुमति नहीं ली गई थी। हालांकि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रही और स्थिति शांतिपूर्ण बनी रही।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment