आकांक्षी ब्लॉक करंजिया में स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं की सघन समीक्षा

0 79

संस्थागत प्रसव, दस्तक अभियान और अंतर्विभागीय समन्वय पर दिया गया विशेष जोर

रिपोर्टर-सोहन श्याम

 

डिंडौरी, 20 जुलाई 2026

 

करंजिया,डिंडौरी-संभागीय आयुक्त के निर्देशों एवं कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन में आकांक्षी विकासखंड करंजिया में स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से विकासखंड स्तरीय स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं की सघन समीक्षा सह-कार्यशाला आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष बल दिया गया। कलेक्टर ने घर पर प्रसव की प्रथा को पूर्णतः समाप्त कर शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने, गर्भवती महिलाओं की समग्र आईडी एवं आधार संबंधी त्रुटियों का निराकरण करने तथा सर्पदंश के मामलों में त्वरित उपचार एवं समय पर एंबुलेंस उपलब्ध कराकर मरीजों को तत्काल जिला चिकित्सालय रेफर करने के निर्देश दिए। उन्होंने गैर-संचारी रोग (एनसीडी) कार्यक्रम के लक्ष्यों की पूर्ति में लापरवाही बरतने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त प्रयासों से आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, एएनएम एवं सीएचओ को अपने कार्यक्षेत्र में सक्रिय रहकर सेवाएं प्रदान करने तथा एएनसी से संबंधित आंकड़ों में आ रही विसंगतियों का संयुक्त बैठक के माध्यम से निराकरण करने के निर्देश दिए गए। दस्तक अभियान के प्रभावी संचालन के लिए मैदानी अमले को हाथ धोने की सही प्रक्रिया, ओआरएस घोल तैयार करने एवं जिंक की गोली देने की विधि, कुपोषण, निमोनिया एवं निर्जलीकरण की पहचान एवं उपचार, आशा एवं एएनएम द्वारा घर-घर बच्चों की स्क्रीनिंग तथा विटामिन-ए अनुपूरण संबंधी व्यवहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।

कार्यशाला में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज पांडेय, डीएचओ-1 डॉ. ममता दीवान, डीएचओ-2 डॉ. जयश्री मरावी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक विक्रम ठाकुर, आरबीएसके समन्वयक सहित स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी तथा मैदानी अमला उपस्थित रहा। बैठक के अंत में सीएमएचओ डॉ. मनोज पांडेय ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आकांक्षी ब्लॉक करंजिया के स्वास्थ्य सूचकांकों में सुधार लाने के लिए पूरी जिम्मेदारी, समन्वय और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment