मासिक क्राइम मीटिंग में एसपी संतोष कोरी के सख्त निर्देश

अपराध नियंत्रण, महिला-बाल सुरक्षा और साइबर अपराध पर रहेगा विशेष फोकस

0 148

 

सीधी, 19 जुलाई 2026।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सीधी में रविवार को पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी की अध्यक्षता में जिले की मासिक क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम तथा आगामी त्योहारों की सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में अपराधों की तीन वर्षों की तुलनात्मक समीक्षा करते हुए एसपी संतोष कोरी ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया कि गंभीर अपराधों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्रवाई समयबद्ध, परिणाममूलक और आमजन के विश्वास को मजबूत करने वाली होनी चाहिए।

एसपी ने महिला एवं बाल सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गुमशुदा एवं अपहृत बच्चों की शीघ्र तलाश, महिला अपराधों की गुणवत्तापूर्ण विवेचना तथा ITSSO पोर्टल के निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ICJS पोर्टल के प्रभावी उपयोग से विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।

बैठक में साइबर अपराधों पर तत्काल कार्रवाई, पीड़ितों को त्वरित राहत, MRM/GRM एवं समन्वय पोर्टल के प्रभावी उपयोग, लंबित चालानों को शीघ्र न्यायालय में प्रस्तुत करने, रात्रि गश्त मजबूत करने तथा संदिग्ध एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

आगामी त्योहारों को देखते हुए जिले में शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा मादक पदार्थ, अवैध शराब, जुआ-सट्टा, चोरी, गृहभेदन एवं संगठित अपराधों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने तथा “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर बल दिया गया।

एसपी ने सड़क सुरक्षा को लेकर मोटर व्हीकल एक्ट के उल्लंघनकर्ताओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों का समयबद्ध निराकरण तथा प्रिवेंटिव एक्शन के माध्यम से अपराधों की रोकथाम सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री अमन मिश्रा, एसडीओपी कुसमी श्री संतोष तिवारी सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने कहा कि सीधी पुलिस का लक्ष्य अपराध पर प्रभावी नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता तथा आमजन को सुरक्षित, संवेदनशील और भरोसेमंद पुलिसिंग उपलब्ध कराना है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment