कुचवाही में खुले ट्रांसफार्मर ने ली बेकसूर भैंस की जान, बिजली विभाग की लापरवाही पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

0 165

रिपोर्ट- नेशनल ब्यूरो चीफ राकेश शर्मा

दिनांक – 19 जुलाई 2026

कुचवाही डीसी अंतर्गत ग्राम कुचवाही में ही बिजली विभाग की कथित लापरवाही एक बार फिर गंभीर रूप से उजागर हुई है। गांव में तेजबली पाठक के घर के समीप स्थापित विद्युत ट्रांसफार्मर के पास कई वर्षों से खुली ग्रिप और खुले बिजली के तार दुर्घटना को खुला निमंत्रण दे रहे थे। ग्रामीणों द्वारा इस संबंध में कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को सूचना देकर सुधार कार्य कराने की मांग की गई, लेकिन समय रहते आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई।

 

इसी लापरवाही का खामियाजा रविवार, 19 जुलाई 2026 को लगभग दोपहर 3:00 बजे देखने को मिला। जानकारी के अनुसार, राजमणि (छोटे) बढ़ई की भैंस चरते हुए ट्रांसफार्मर के संपर्क में आ गई और विद्युत करंट की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृत भैंस की अनुमानित कीमत 70 से 80 हजार रुपये बताई जा रही है, जिससे पशुपालक को भारी आर्थिक क्षति हुई है।

 

घटना के बाद पूरे गांव में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि बिजली विभाग ने पहले ही शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए ट्रांसफार्मर की मरम्मत करा दी होती, तो यह दुर्घटना टाली जा सकती थी। लोगों ने इसे विभागीय लापरवाही का प्रत्यक्ष परिणाम बताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

 

ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से पीड़ित पशुपालक को शीघ्र एवं उचित मुआवजा उपलब्ध कराने के साथ-साथ गांव के सभी जर्जर और खुले विद्युत उपकरणों की तत्काल मरम्मत कराने की भी मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

समाचार लिखे जाने तक न तो बिजली विभाग का कोई अधिकारी और न ही कोई कर्मचारी दुर्घटनास्थल पर पहुंचा था, जिससे ग्रामीणों में विभाग के प्रति नाराजगी और अधिक बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में इससे भी बड़ी जनहानि होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment