सांप के काटने पर देरी नहीं, तुरंत इलाज ही जीवन बचाता है
जोगीबहरा गांव में कोबरा के डसने से महिला की बिगड़ी हालत, समय पर अस्पताल पहुंचने से बची जान

सीधी | 19 जुलाई 2026
सीधी जिले के जोगीबहरा गांव में रविवार सुबह एक महिला को जहरीले कोबरा सांप ने डस लिया। समय पर 108 एंबुलेंस की मदद और जिला चिकित्सालय में तत्काल उपचार मिलने से महिला की जान बच गई। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, उर्मिला कुशवाहा (40 वर्ष) रविवार सुबह करीब 7 बजे अपने घर में साफ-सफाई कर रही थीं। इसी दौरान कमरे में छिपा एक जहरीला कोबरा अचानक बाहर निकला और उनके पैर से लिपट गया। इससे पहले कि महिला कुछ समझ पाती, सांप ने उन्हें डस लिया।
सांप के काटने के कुछ ही मिनटों में महिला की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। परिजनों के अनुसार वह अचेत होने लगीं और उनके शरीर का रंग नीला पड़ने लगा। घबराए परिजनों ने तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी।
एम्बुलेंस टीम ने मौके पर पहुंचकर प्राथमिक उपचार दिया और महिला को तुरंत जिला चिकित्सालय सीधी पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने बिना देर किए इलाज शुरू किया।
डॉ. हरिओम गुप्ता ने बताया कि महिला को जहरीले कोबरा ने काटा था, लेकिन समय पर अस्पताल पहुंच जाने के कारण उनकी जान बचाई जा सकी। उन्होंने बताया कि महिला की हालत अब स्थिर है और जल्द ही पूरी तरह स्वस्थ होने की संभावना है।
बारिश के मौसम में बढ़ जाता है खतरा
विशेषज्ञों के अनुसार, बारिश के मौसम में सांप अक्सर सुरक्षित स्थान की तलाश में घरों में घुस जाते हैं। ऐसे समय में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता होती है।
डॉक्टरों की अपील
रात में बाहर निकलते समय टॉर्च का उपयोग करें।
घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखें।
सांप दिखने पर उसे पकड़ने की कोशिश न करें।
तुरंत सर्प मित्र या वन विभाग को सूचना दें।
झाड़-फूंक में समय न गंवाएं, सीधे नजदीकी अस्पताल पहुंचें।
घटना के बाद जोगीबहरा गांव में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल रहा, लेकिन महिला के सुरक्षित होने की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
संदेश:
“सांप के काटने पर देरी नहीं, तुरंत अस्पताल पहुंचकर इलाज कराना ही जीवन बचाने का सबसे प्रभावी उपाय है।”