जमोड़ी पुलिस ने अंधे कत्ल का किया खुलासा, हत्या का आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त भाला बरामद

0 123

सीधी, 13 जुलाई 2026। थाना जमोड़ी पुलिस ने हत्या के एक अंधे कत्ल का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त भाला भी बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, 24 जून 2026 को जिला अस्पताल सीधी से सूचना मिली थी कि मुन्ना कोल (42 वर्ष), निवासी ग्राम तेन्दुआ, थाना जमोड़ी की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट के कारण मौत होना सामने आया। इसके आधार पर थाना जमोड़ी में अपराध क्रमांक 405/2026 के तहत धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर रामदास उर्फ लल्ले कोल (25 वर्ष), पिता फेरई कोल, निवासी ग्राम तेन्दुआ को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।

आरोपी ने बताया कि 23 जून 2026 की रात शराब पीने के दौरान मृतक से गाली-गलौज को लेकर विवाद हो गया था। इसी दौरान आवेश में आकर उसने मृतक के सिर के पीछे भाले से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त भाला बरामद कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

सराहनीय भूमिका

इस अंधे कत्ल के खुलासे में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक राम खेलावन, आरक्षक अभिषेक, आरक्षक आजाद एवं आरक्षक नीरज की सराहनीय भूमिका रही।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment