ग्राम पंचायत बरखेरा में निर्माण कार्यों में अनियमितता के आरोप, शिकायतों के बावजूद नहीं हुई जांच

(जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव)
डिंडोरी। जनपद पंचायत क्षेत्र की ग्राम पंचायत बरखेरा में कराए गए सीसी रोड, स्टॉप डैम, नल जल योजना की मरम्मत कार्य, एवंनाली निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता हर प्रसाद उरैती ने आरोप लगाया है कि पंचायत में हुए निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और वित्तीय अनियमितताएं की गई हैं।
शिकायतकर्ता के अनुसार, इस संबंध में जनपद पंचायत, एसडीएम तथा जिला कलेक्टर को लिखित शिकायतें दी गईं, लेकिन आज दिनांक तक न तो मामले की जांच कराई गई और न ही किसी प्रकार की कार्रवाई की गई।
हर प्रसाद उरैती का कहना है कि शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होने से लोगों के मन में यह सवाल उठ रहा है कि आखिर इन कथित अनियमितताओं को किसका संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्यों की निष्पक्ष एवं तकनीकी जांच कराई जाए तथा यदि अनियमितताएं पाई जाती हैं तो दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
वहीं, स्थानीय ग्रामीणों का भी कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होने से सच्चाई सामने आएगी और विकास कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।
नोट: यह समाचार शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। संबंधित अधिकारियों अथवा ग्राम पंचायत का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।