नगर निगम ने वृक्षारोपण महाअभियान में लक्ष्य से अधिक लगाए पौधे, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को मिला जनसमर्थन

मुबारक अली संवाददाता
शाहजहाँपुर। नगर निगम शाहजहाँपुर ने वृहद वृक्षारोपण महाअभियान-2026 एवं ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत रविवार को ककरा काकड़ कुंड (पलिया हाईवे) सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर व्यापक पौधरोपण किया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित वातावरण और शहर के सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देना रहा।
यह अभियान प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना के मार्गदर्शन में महापौर अर्चना वर्मा, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी (आईएएस) और उपसभापति वेद प्रकाश मौर्य की उपस्थिति में आयोजित किया गया। इस दौरान पार्षदों, नगर निगम अधिकारियों-कर्मचारियों, एसएफआई, आईईसी टीम, आईटीसी मिशन सुनहरा कल की टीम तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
नगर निगम को इस वर्ष 17,991 पौधे लगाने का लक्ष्य मिला था, जबकि अब तक 19,060 पौधों का रोपण कर लक्ष्य से अधिक उपलब्धि हासिल कर ली गई है।
ककरा कुंड क्षेत्र में औषधि वाटिका, कपि वन, मियाँ वाकी फॉरेस्ट, ऑक्सी वन और हरी शंकरी जैसे थीम आधारित वन विकसित किए जा रहे हैं। हरी शंकरी के अंतर्गत पीपल, पकड़ और बरगद के पौधे लगाए गए हैं, जबकि औषधि वाटिका में नीम, आंवला, अर्जुन, जामुन और हरसिंगार सहित कई औषधीय प्रजातियों का रोपण किया गया। कपि वन में आम, जामुन और जंगल जलेबी जैसे फलदार वृक्ष लगाए गए, जो जैव विविधता संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने में सहायक होंगे।
कार्यक्रम के दौरान लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की गई। साथ ही ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से जुड़कर स्वच्छ, हरित और सुंदर शाहजहाँपुर के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया गया। नगर निगम ने इसे पर्यावरण संरक्षण और भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।