सीधी में मुख्य मार्ग पर घुटनों तक भरा पानी, नाली जाम होने से बढ़ी परेशानी

नगरपालिका ने जांच के बाद कार्रवाई का दिया भरोसा

0 374

 

 

सीधी। बुधवार को हुई तेज बारिश के बाद सीधी शहर के मेन रोड सहित सीधी शहर का बाईपास मार्ग पर भारी जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई। सड़क पर घुटनों तक पानी भर जाने से स्थानीय रहवासियों के साथ राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जलभराव के कारण लोगों को गंदे पानी के बीच से होकर आवागमन करना पड़ा।

 

जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह करीब 9 बजे रिमझिम बारिश शुरू हुई, जो कुछ देर बाद तेज हो गई। लगातार बारिश के चलते देखते ही देखते मुख्य मार्ग पर पानी जमा हो गया। शाम करीब 4 बजे तक सड़क पर पानी भरा रहा। सड़क पर पानी जमा होने के कारण दोपहिया और चार पहिया वाहन चालकों को भी काफी सावधानी से निकलना पड़ा।

 

12 से अधिक घरों के सामने नाली पर कब्जे का आरोप

 

स्थानीय निवासी शुभम पांडे ने बताया कि क्षेत्र में जलभराव की समस्या को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। उनका आरोप है कि आसपास के 12 से अधिक घरों के सामने नाली पर अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण कर लिया गया है। इसके कारण नाली पूरी तरह बंद हो गई है और बारिश का पानी आगे नहीं बह पा रहा है।

 

नाली के बंद होने से बारिश का पानी सड़क पर जमा हो जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नाली की सफाई नहीं कराई गई और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं हुई, तो आने वाली तेज बारिश में स्थिति और बिगड़ सकती है।

 

पानी के बीच से गुजरने को मजबूर राहगीर

 

मुख्य मार्ग पर पानी भर जाने के कारण राहगीरों को गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। वाहन गुजरने के दौरान सड़क पर जमा पानी के छींटे भी राहगीरों पर पड़ते रहे। स्थानीय लोगों ने बताया कि जलभराव की समस्या केवल तेज बारिश में ही नहीं, बल्कि हल्की बारिश के दौरान भी देखने को मिलती है।

 

लोगों का कहना है कि नाली की नियमित सफाई और जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर जमा हो रहा है। इससे दुर्घटना की आशंका के साथ-साथ आसपास रहने वाले लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।

 

नगरपालिका ने कहा- जांच के बाद होगी कार्रवाई

 

मामले को लेकर सीधी नगरपालिका सीएमओ मसूद अजहर ने बताया कि नगरपालिका की टीम लगातार विभिन्न क्षेत्रों की निगरानी कर रही है और पानी निकासी की व्यवस्था कराई जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मामले की जांच कराई जाएगी। जांच के दौरान यदि किसी व्यक्ति द्वारा नाली पर अतिक्रमण किए जाने की पुष्टि होती है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

नगरपालिका की ओर से जलभराव वाले क्षेत्र में पानी निकालने की व्यवस्था किए जाने की बात कही गई है। वहीं स्थानीय लोगों ने मांग की है कि नाली की सफाई के साथ-साथ उस पर किए गए कथित अतिक्रमण को हटाकर स्थायी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में हर बार सामने आने वाली इस समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है, ताकि मुख्य मार्ग पर आवागमन प्रभावित न हो और भविष्य में जलभराव की स्थिति से लोगों को राहत मिल सके।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment