6 दिन से कुएं में फंसी गौमाता को गौ सेवा समिति ने बचाया, खुले कुओं की सुरक्षा को लेकर कल्लू महाराज ने उठाई आवाज

0 79

संतोष शर्मा संवाददाता। शिवपुरीदिनारा। मानवता और गौसेवा का प्रेरणादायी उदाहरण उस समय देखने को मिला जब दिनारा स्थित अशोक होटल के पास एक खुले कुएं में लगभग छह दिनों से फंसी एक गौमाता को गौ सेवा समिति के सदस्यों ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलते ही गौ सेवा समिति के अध्यक्ष समाजसेवी कल्लू महाराज अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुआं काफी गहरा था और उसके भीतर उतरना बेहद जोखिम भरा था। समिति के सदस्यों ने रस्सियों और सीढ़ी (नशैनी) की सहायता से कुएं में उतरकर गौमाता तक पहुंच बनाई। लगभग एक घंटे तक चले कठिन रेस्क्यू अभियान के बाद गौमाता को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस दौरान कुएं के भीतर दो सांप भी मौजूद थे, जिससे अभियान और अधिक चुनौतीपूर्ण हो गया। बावजूद इसके गौसेवकों ने धैर्य और साहस का परिचय देते हुए बिना किसी अनहोनी के गौमाता को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

गौ सेवा समिति के अध्यक्ष कल्लू महाराज ने बताया कि यह कुआं स्थानीय निवासी राजेंद्र सिंह यादव का है, जो लंबे समय से बिना सुरक्षा बाउंड्री के झाड़ियों के बीच खुला पड़ा हुआ है। उनका कहना है कि पूर्व में भी इस कुएं में लगभग 15 गोवंश एवं भैंसें गिर चुकी हैं। उन्होंने चिंता जताई कि यदि समय रहते कुएं की चारदीवारी नहीं कराई गई तो भविष्य में किसी पशु, पक्षी या इंसान की जान भी जा सकती है।

कल्लू महाराज ने कुएं के मालिक से अपील करते हुए कहा कि पांच दिनों के भीतर कुएं की सुरक्षा के लिए बाउंड्री का निर्माण कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो गौ सेवा समिति जनहित में प्रशासन की अनुमति लेकर जेसीबी के माध्यम से इस खुले कुएं को सुरक्षित कराने की पहल करेगी।

उन्होंने सभी किसानों से भी भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि अपने खेतों एवं परिसरों में बने खुले कुओं के चारों ओर मजबूत बाउंड्री अवश्य बनवाएं, ताकि कोई भी गौवंश, पशु-पक्षी अथवा व्यक्ति दुर्घटना का शिकार न हो। उनका संदेश था—”जीवन है तो कल है। जीवन बचाइए, कुओं की बाउंड्री कराइए और सभी जीवों की सुरक्षा सुनिश्चित कीजिए।”

कल्लू महाराज ने शिवपुरी कलेक्टर अर्पित वर्मा से भी आग्रह किया कि जिलेभर में खुले कुओं की सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं तथा किसानों को सुरक्षा उपाय अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए। उनका कहना है कि यह केवल पशुओं की सुरक्षा का विषय नहीं, बल्कि जनहित और मानव जीवन की रक्षा से भी जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है।

रेस्क्यू अभियान में गौ सेवा समिति के सदस्य दीपक तिवारी, जितेंद्र लोधी, दीपक केवट, छोटू पाल, दीपक लोधी, बीरबल लोधी, सुरेश पाल, जयराम लोधी, राजू लोधी सहित अन्य गौसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभाई। स्थानीय लोगों ने समिति के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए खुले कुओं की सुरक्षा के लिए शीघ्र ठोस कदम उठाने की मांग की।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment