महिला एवं बच्चों के विरुद्ध अपराधों पर प्रभावी अभियोजन के लिए भोपाल में संभागीय कार्यशाला आयोजित

0 235

अपर मुख्य सचिव गृह संजय शुक्ला बोले— SOP आधारित पैरवी से बढ़ेगी अभियोजन की प्रभावशीलता

राइटिंग

भोपाल। महिला एवं बच्चों के विरुद्ध अपराधों में प्रभावी एवं कुशल अभियोजन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रविवार, 5 जुलाई 2026 को भोपाल के होटल सयाजी में भोपाल संभाग के अभियोजन अधिकारियों एवं लोक अभियोजकों की एक दिवसीय संभागीय कार्यशाला आयोजित की गई।

कार्यशाला के मुख्य अतिथि अपर मुख्य सचिव (गृह) संजय शुक्ला रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि अभियोजन अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण में स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) के आधार पर प्रभावी पैरवी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत में भी अमेरिका की पब्लिक प्रॉसिक्यूटर प्रणाली की तर्ज पर अभियोजन व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने अभियोजन विभाग की सुविधाओं एवं नए पदों से संबंधित प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा किए जाने की बात कही।

कार्यक्रम में लोक अभियोजन संचालनालय के संचालक बी.एल. प्रजापति एवं भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। श्री प्रजापति ने कहा कि सभी अधिकारियों के संयुक्त प्रयासों से अभियोजन व्यवस्था लगातार बेहतर हो रही है तथा अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई में उल्लेखनीय सफलता मिल रही है। उन्होंने कार्यशाला के सफल आयोजन के लिए प्रभारी उप संचालक राजेंद्र उपाध्याय एवं उनकी टीम को बधाई दी।

कार्यशाला में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त शैलेंद्र सिंह चौहान ने महिला एवं बच्चों के विरुद्ध साइबर अपराध, मोबाइल फॉरेंसिक तथा ई-साक्ष्य विषय पर प्रशिक्षण दिया। वहीं मध्यप्रदेश बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष निवेदिता शर्मा ने पॉक्सो एक्ट एवं किशोर न्याय (JJ Act) के महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी।

सेवानिवृत्त जिला न्यायाधीश डी.के. श्रीवास्तव ने पॉक्सो मामलों में प्रभावी पैरवी के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों एवं कुशल अभियोजन के व्यावहारिक पहलुओं पर प्रकाश डाला। पूर्व मेडिको-लीगल संचालक डी.एस. बड़कुर ने महिला अपराधों की जांच में फॉरेंसिक विज्ञान एवं डीएनए साक्ष्यों की भूमिका पर विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम में प्रभारी उप संचालक राजेंद्र उपाध्याय ने अतिथियों का स्वागत करते हुए सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यशाला में भोपाल, सीहोर, रायसेन, राजगढ़ एवं विदिशा जिलों के लोक अभियोजक एवं अभियोजन अधिकारी शामिल हुए।

इस अवसर पर राज्य संचालनालय के डीपीओ महेंद्र सिंह गौतम, सीहोर के डीपीओ विवेक गौड़, रायसेन की अतिरिक्त डीपीओ भारती गेड़ाम, भोपाल की अतिरिक्त डीपीओ वंदना परते, एडीपीओ उदयभान रघुवंशी, अभिषेक बुंदेला, मनोज त्रिपाठी, मनोज पटेल, आशीष दूबे, आशीष त्यागी, अनिल तिवारी, राज गौरव तिवारी, विक्रम सिंह, नवीन श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन एडीपीओ सिमी रत्नम एवं जागृति पांडेय ने किया।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment