खनिज-पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दो अवैध रेत वाहन जब्त, 74 ट्रॉली रेत का भंडारण पकड़ा गया

सीधी जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो बिना नंबर के टाटा-407 वाहनों को जब्त किया है। कलेक्टर विकास मिश्रा और पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन में खनिज एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने गोपदबनास क्षेत्र में रातभर सघन जांच अभियान चलाया। ग्राम डेम्हा में अवैध रूप से रेत परिवहन करते पाए गए वाहन चालकों ने टीम को देखकर रेत खाली कर भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर दोनों वाहनों को पकड़ लिया गया।
जांच के दौरान वाहन चालकों द्वारा रेत परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर दोनों वाहनों को जब्त कर थाना कोतवाली सीधी की अभिरक्षा में सौंप दिया गया। इसी अभियान में ग्राम गाड़ा और कुर्रवाह में अवैध रूप से भंडारित 74 ट्रॉली रेत भी पकड़ी गई, जिसे नियमानुसार रेलवे ठेकेदार के सुपुर्द किया गया है।
प्रशासन ने संबंधित वाहन मालिकों और चालकों के खिलाफ खनिज नियमों के तहत प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही बिना नंबर के वाहनों के संचालन को लेकर परिवहन विभाग को भी कार्रवाई हेतु पत्र भेजा जाएगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।