आग, बाढ़ और हादसों से बचाव का प्रशिक्षण, आपदा से निपटने के लिए तैयार हो रहे युवा

0 30

छतरपुर| पुलिस लाइन चौराहा स्थित ह्यूज नीट कोचिंग के सभागार में आयोजित सात दिवसीय सिविल डिफेंस क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण के दूसरे दिन प्रतिभागियों को आधुनिक युद्ध, आपदा प्रबंधन तथा राहत एवं बचाव कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट हर्ष कुमार जैन के निर्देशन एवं प्लाटून कमांडर विनीत तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजित प्रशिक्षण में एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, नेहरू युवा केंद्र, स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थी एवं विभिन्न संस्थाओं के स्वयंसेवक भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान प्लाटून कमांडर विनीत तिवारी ने मॉडर्न वॉरफेयर एंड डिफेंस प्रोटेक्शन ऑफ नेशन, ड्रोन अटैक एंड प्रोटेक्शन, टाइप्स ऑफ नॉट्स एंड यूज ऑफ रोप तथा डिजास्टर मैनेजमेंट विषय पर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बदलते समय में आधुनिक तकनीक आधारित खतरों से बचाव के साथ आपदा के दौरान त्वरित और व्यवस्थित राहत कार्य करना बेहद जरूरी है। प्रतिभागियों को रस्सियों के सुरक्षित उपयोग, बचाव तकनीकों और आपात स्थिति में अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं का प्रदर्शन भी कराया गया। एसडीईआरएफ के जवान अमन बामनोरिया ने एयर एंड वार्निंग सिस्टम विषय पर प्रशिक्षण देते हुए आपातकालीन चेतावनी प्रणाली और आपदा के दौरान सतर्कता के महत्व को समझाया। वहीं एसडीईआरएफ के जवान अजय साहू एवं राकेश पाल ने मोटरबोट, विक्टिम लोकेटिंग कैमरा, हाइड्रोलिक कटर, एयर लिफ्टिंग बैग, लाइफ जैकेट, रस्सियां तथा जीवन रक्षक चिकित्सा उपकरणों का प्रदर्शन कर उनके उपयोग की जानकारी दी। शनिवार को तालाब में प्रतिभागियों को इन उपकरणों के माध्यम से मोटरबोट रेस्क्यू का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया जाएगा। छात्रा सुमन रिछारिया ने बताया कि शिविर से आपदा के समय लोगों की मदद करने का व्यावहारिक अनुभव मिल रहा है, जिससे भविष्य में राहत एवं बचाव कार्य करने का आत्मविश्वास बढ़ेगा। इस अवसर पर मास्टर ट्रेनर नीलेश तिवारी, शिवम मिश्रा, दीपक कुशवाहा, मनतुसा मंसूरी, देशराज कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में आपदा मित्र एवं सिविल डिफेंस वॉलंटियर उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment