उफनती कसहा नदी में बही कार, तीन सवारों ने कूदकर बचाई जान, बड़ा हादसा टला

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव
डिण्डौरी।
डिण्डौरी जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच एक बड़ा हादसा टल गया। शहपुरा थाना क्षेत्र के बस्तरा गांव के पास उफनती कसहा नदी पर बने पुल को पार करते समय एक कार तेज बहाव की चपेट में आकर नदी में बह गई।
जानकारी के अनुसार, लगातार बारिश के कारण कसहा नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया था और पुल के ऊपर से तेज गति से पानी बह रहा था। इसी दौरान कार चालक ने पुल पार करने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार नदी में बह गई।
कार में सवार तीनों लोगों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए समय रहते वाहन से बाहर निकलकर नदी में छलांग लगा दी और तैरकर सुरक्षित किनारे पहुंच गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में सहयोग किया।
इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। तीनों लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। हालांकि घटना के बाद क्षेत्र में पुल के ऊपर बह रहे पानी के बीच आवागमन को लेकर लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की जा रही है।