सीधी पुलिस ने स्कूल, कॉलेज, बैंक और गांवों में चलाया साइबर जागरूकता अभियान

0 143

सीधी | 02 जुलाई 2026

साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं पर रोक लगाने और लोगों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला पुलिस सीधी द्वारा ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान के तहत गुरुवार को जिलेभर में व्यापक साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया।

पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी (IPS) के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं सभी एसडीओपी के पर्यवेक्षण में पुलिस टीमों ने विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों, बैंक शाखाओं और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में पहुंचकर छात्रों, ग्रामीणों, व्यापारियों और बैंक उपभोक्ताओं को साइबर ठगी से बचाव के तरीके बताए।

अभियान के तहत कोतवाली सीधी पुलिस ने अरविंदो स्कूल में विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, फर्जी लिंक, ऑनलाइन फ्रॉड और व्यक्तिगत जानकारी सुरक्षित रखने की जानकारी दी। वहीं सिहावल चौकी पुलिस ने शासकीय महाविद्यालय बमुरी में छात्रों को ओटीपी फ्रॉड, संदिग्ध वेबसाइट और एपीके फाइलों से बचने के लिए जागरूक किया।

मड़वास, पोंडी, बहरी, भुईमाड़, महिला थाना, अमिलिया, पिपरांव और खड्डी पुलिस ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों, महिलाओं, व्यापारियों और बैंक ग्राहकों को यूपीआई फ्रॉड, क्यूआर कोड स्कैम, डिजिटल अरेस्ट, केवाईसी फ्रॉड, फर्जी निवेश योजनाओं और ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों की जानकारी दी। कई स्थानों पर साइबर सुरक्षा संबंधी पंपलेट भी वितरित किए गए।

पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, यूपीआई पिन या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

सीधी पुलिस का संदेश

“साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय जागरूकता और सतर्कता है। सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाएं, संदिग्ध कॉल और लिंक से सावधान रहें तथा साइबर अपराध होने पर बिना देरी 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। जागरूक नागरिक ही सुरक्षित समाज की सबसे बड़ी ताकत हैं।”

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment