UPTET-2026: परीक्षा केंद्रों के गेट 45 मिनट पहले होंगे बंद, डीएम ने दिए कड़े निर्देश

मुबारक अली संवाददाता
शाहजहांपुर, 29 जून। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि UPTET-2026 की लिखित परीक्षा 2 और 3 जुलाई को दो पालियों तथा 4 जुलाई को प्रथम पाली में जनपद के 9 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगी।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र का प्रवेश द्वार परीक्षा शुरू होने से 45 मिनट पहले बंद कर दिया जाएगा, इसलिए सभी परीक्षार्थी समय से पहले अपने केंद्र पर पहुंचें।
डीएम ने सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को 1 जुलाई को सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर विद्युत, पेयजल, पंखे, बैठने की व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की जांच करने के निर्देश दिए। ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए परिचय पत्र (आईडी कार्ड) अनिवार्य किया गया है।
संभावित बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी ने वैकल्पिक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनपद के परीक्षा केंद्र:
जीएफ कॉलेज (ब्लॉक-ए एवं ब्लॉक-बी)
जनता इंटर कॉलेज
आर्य महिला पीजी कॉलेज
आर्य महिला इंटर कॉलेज
एबी रिच इंटर कॉलेज
देवी प्रसाद इंटर कॉलेज
इस्लामिया इंटर कॉलेज
श्री हर कुमार पाठक कन्या इंटर कॉलेज, दलेलगंज पक्का पुल
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत, जिला विद्यालय निरीक्षक हरिवंश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।