शाहजहांपुर: नामी ब्रांड के नाम पर नकली बेसन बनाने की आशंका, दाल मिल पर टीम का छापा

0 53

 

मुबारक अली संवाददाता

शाहजहांपुर। शहर के कोतवाली क्षेत्र स्थित जियाखेल मोहल्ले की एक दाल मिल पर मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब दिल्ली की एक प्रमुख बेसन कंपनी के अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से छापेमारी की। कंपनी को सूचना मिली थी कि मिल में उसके ब्रांड के नाम से कथित तौर पर नकली बेसन तैयार कर पैकिंग की जा रही है।

 

छापेमारी के दौरान टीम ने मिल का मुख्य गेट बंद कराकर अंदर मौजूद कर्मचारियों और मजदूरों को एक स्थान पर बैठाया। जांच के दौरान कर्मचारियों के मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में लेकर उनसे पूछताछ की गई। कार्रवाई करीब तीन घंटे तक चली और पूरे परिसर की गहन जांच की गई।

 

बताया जा रहा है कि कंपनी के अधिकारियों ने पहले प्रशासनिक अधिकारियों से बैठक कर कार्रवाई की रणनीति बनाई, जिसके बाद सीओ सिटी, मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की मौजूदगी में टीम ने मिल पर दबिश दी।

 

हालांकि, देर शाम तक यह स्पष्ट नहीं हो सका कि मौके से कथित नकली बेसन या अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई या नहीं। मिल मालिक की मौजूदगी को लेकर भी स्थिति साफ नहीं हो सकी है।

 

छापेमारी की सूचना मिलते ही कई व्यापारी और उद्योगपति भी मौके पर पहुंचे, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था के चलते पुलिस ने किसी को भी मिल परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया। फिलहाल जांच जारी है और अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment