सेफ क्लिक 2.0 अभियान के तहत सीधी जिले में साइबर जागरूकता की अलख, स्कूलों से लेकर सार्वजनिक स्थलों तक हुए कार्यक्रम

सीधी, 25 जून 2026। पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित “सेफ क्लिक 2.0” साइबर जागरूकता अभियान के तहत सीधी जिले में बड़े पैमाने पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्कूलों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों पर साइबर सुरक्षा संबंधी कार्यक्रम संपन्न हुए।
अभियान का मुख्य कार्यक्रम थाना जमोड़ी क्षेत्र स्थित क्राइस्ट ज्योति स्कूल में आयोजित किया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन फ्रॉड, पहचान चोरी, फर्जी लिंक और सोशल मीडिया सुरक्षा के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीक का सकारात्मक उपयोग करने और डिजिटल सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी को साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल अनुशासन की शपथ दिलाई गई।
इसके अलावा थाना मड़वास, भुईमाड़, कुसमी, अमिलिया, मझौली एवं चौकी खड्डी क्षेत्र के शैक्षणिक संस्थानों में भी विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों की जानकारी देते हुए सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के उपाय बताए।
वहीं कोतवाली एवं अजाक थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने पुराना बस स्टैंड में जनजागरूकता अभियान चलाया। थाना बहरी पुलिस द्वारा लौआ माता मंदिर परिसर में लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। चुरहट क्षेत्र के नेहरू तिराहा और बस स्टैंड पर भी “सेफ क्लिक 2.0”, “नशा मुक्त भारत सप्ताह” एवं “एकीकृत अभियान” के तहत नागरिकों को जागरूक किया गया तथा नशे से दूर रहने की अपील की गई।
सीधी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑनलाइन लेन-देन से सतर्क रहें तथा साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें। अभियान का उद्देश्य जिले के प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित और जागरूक डिजिटल वातावरण उपलब्ध कराना है।