सिंगल क्लिक से खातों में पहुंची पेंशन राशि, सीधी के 35 हजार से अधिक हितग्राहियों को मिला लाभ
सीधी, 25 जून 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रालय से सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश के 33.92 लाख से अधिक सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों के खातों में 203.56 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की। इस पहल के तहत पात्र हितग्राहियों को सीधे उनके बैंक खातों में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई, जिससे योजनाओं में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित हुई है।
सीधी जिले में आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में देखा गया। इस दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं उप संचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग धनंजय मिश्रा, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी धीरज द्विवेदी, प्रदीप द्विवेदी, सूरज सिंह सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।
अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी धनंजय मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले के 35 हजार 223 पात्र हितग्राहियों के खातों में 2 करोड़ 11 लाख 33 हजार 800 रुपये की राशि सीधे अंतरित की गई है। यह राशि वृद्धजन, दिव्यांगजन, निराश्रित महिलाओं और अन्य जरूरतमंद नागरिकों के लिए आर्थिक सहायता का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री कन्या अभिभावक पेंशन योजना के 672, मंदबुद्धि एवं बहुविकलांग आर्थिक सहायता योजना के 1,527, सामाजिक सुरक्षा वृद्धावस्था पेंशन योजना के 7,125, परित्यक्ता पेंशन योजना के 275, निःशक्त पेंशन योजना के 7,389, दिव्यांग शिक्षा प्रोत्साहन सहायता योजना के 2,339, कल्याणी पेंशन योजना के 15,878 तथा मुख्यमंत्री अविवाहिता पेंशन योजना के 18 हितग्राहियों के खातों में 600 रुपये प्रति हितग्राही की दर से राशि भेजी गई।
कार्यक्रम में अधिकारियों ने कहा कि राज्य सरकार सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के माध्यम से समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों तक समय पर सहायता पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) व्यवस्था से हितग्राहियों को बिना किसी बिचौलिये के सीधे लाभ मिल रहा है, जिससे शासन की योजनाओं पर लोगों का विश्वास भी मजबूत हुआ है।