10 लाख की वसूली नहीं हुई तो दर्ज होगी एफआईआर, रोजगार सहायक पर कसा शिकंजा

0 8,961

सीधी/रामपुर नैकिन। ग्राम पंचायत भितरी में सामने आई वित्तीय अनियमितताओं के मामले में जिला पंचायत प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए रोजगार सहायक अशोक यादव को एक सप्ताह के भीतर 10 लाख 4 हजार 615 रुपये जमा करने का अंतिम निर्देश दिया है। निर्धारित समय सीमा में राशि जमा नहीं होने पर संबंधित थाना में एफआईआर दर्ज कराने और संविदा सेवा समाप्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत भितरी में वित्तीय गड़बड़ियों की शिकायत मिलने पर जिला पंचायत के निर्देश पर जांच कराई गई थी। जांच में वर्ष 2023-24 से 2025-26 के दौरान विभिन्न विकास कार्यों एवं मनरेगा योजनाओं में अनियमितताएं सामने आईं। जांच रिपोर्ट में रोजगार सहायक अशोक यादव को वित्तीय अनियमितताओं का जिम्मेदार माना गया है।

जांच में पाया गया कि तत्कालीन सचिवीय प्रभारधारी के आदेश के बाद भी नियमों के विपरीत राशि का आहरण किया गया। रिपोर्ट के अनुसार पंचायत खाते से लाखों रुपये निकाले गए, जबकि संबंधित कार्यों का उचित मूल्यांकन और दस्तावेजी प्रक्रिया पूर्ण नहीं की गई थी। पुलिया निर्माण एवं अन्य विकास कार्यों में भी वित्तीय अनियमितताओं के आरोप जांच में पुष्ट हुए हैं।

जिला पंचायत सीईओ द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि अशोक यादव से वसूली योग्य 10 लाख 4 हजार 615 रुपये सात दिन के भीतर जिला पंचायत कार्यालय में जमा कराए जाएं। यदि राशि जमा नहीं की जाती है तो जनपद पंचायत रामपुर नैकिन के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संबंधित थाना में एफआईआर दर्ज कराएंगे।

आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि वसूली राशि जमा नहीं होती है तो मध्यप्रदेश पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम 1993 के प्रावधानों के तहत वसूली की कार्रवाई के साथ-साथ संविदा सेवा समाप्त करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।

इस कार्रवाई को लेकर पंचायत महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। माना जा रहा है कि जिला पंचायत प्रशासन वित्तीय अनियमितताओं के मामलों में अब सख्ती दिखाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कदम उठाने की तैयारी में है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment