विश्वविद्यालय में छात्रवृत्ति कार्यों के लिए सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त

मुबारक अली संवाददाता
शाहजहाँपुर। स्वामी शुकदेवानन्द विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्र-छात्राओं को शासन की छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं सुचारु रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से छात्रवृत्ति व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
कुलपति के आदेशानुसार वाणिज्य विभाग की डॉ. अपर्णा त्रिपाठी को सहायक नोडल अधिकारी (छात्रवृत्ति) नियुक्त किया गया है। उनकी जिम्मेदारी छात्रवृत्ति आवेदन, सत्यापन तथा संबंधित प्रक्रियाओं का विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए सफलतापूर्वक संचालन करना होगी, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
गौरतलब है कि छात्रवृत्ति कार्यों के लिए वाणिज्य विभाग के प्रो. कमलेश गौतम पहले से ही नोडल अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. पुष्पेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि छात्र हित विश्वविद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शासन की जनकल्याणकारी छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र विद्यार्थी तक पहुंचे, इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन निरंतर प्रयासरत है।
इस अवसर पर वाणिज्य संकायाध्यक्ष प्रो. अनुराग अग्रवाल, प्रो. कमलेश गौतम, डॉ. शिशिर शुक्ला, डॉ. प्रांजल शाही सहित विश्वविद्यालय के शिक्षकगणों ने डॉ. अपर्णा त्रिपाठी को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं एवं बधाई दी।