रहस्यमयी परिस्थितियों में 14 वर्षीय किशोरी ने लगाई फांसी, पड़रिया खुर्द में शोक

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव
शहपुरा/डिंडौरी। शहपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पड़रिया खुर्द में एक 14 वर्षीय किशोरी द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम लगभग 7 बजे किशोरी ने अपने घर के अंदर पंखे से साड़ी के सहारे फांसी लगा ली। परिजनों को जब इसकी जानकारी मिली तो घर में हड़कंप मच गया। तत्काल आसपास के लोगों को सूचना दी गई, लेकिन तब तक किशोरी की मृत्यु हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलने पर शहपुरा पुलिस ने शनिवार सुबह लगभग 10 बजे मर्ग कायम कर मामला दर्ज किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए। मामले की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के उपरांत शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले की विवेचना जारी है।