प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने पर बड़खेरा आश्रम में अखंड राम कीर्तन, भंडारा एवं महाआरती का आयोजन

जिला ब्यूरो : मनोज कुमार यादव
शाहपुरा/डिंडौरी। प्रधानमंत्री Narendra Modi के सफल नेतृत्व के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बड़खेरा आश्रम में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा भव्य धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महंत श्री श्री 108 श्री भगत गिरी बच्चू महाराज जी के सानिध्य में संपन्न हुआ।
आश्रम परिसर में आयोजित अखंड राम कीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता कर भगवान श्रीराम के भजनों एवं कीर्तन का आनंद लिया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर धर्म लाभ प्राप्त किया।
इस अवसर पर शाहपुरा विधायक Omprakash Dhurve, भाजपा मंडल अध्यक्ष सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वक्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल में देश में हुए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा पर प्रकाश डालते हुए उनके नेतृत्व की सराहना की।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने पूजा-अर्चना में सहभागिता कर प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि, शांति और विकास की कामना की। इसके पश्चात भव्य महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
आयोजन में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। पूरे कार्यक्रम का वातावरण भक्तिमय रहा और श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के जयकारों के साथ आयोजन का समापन किया।