मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने के विरोध में कांग्रेस का एक दिवसीय उपवास
लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा : ज्ञान सिंह

सीधी। मध्य प्रदेश से राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी सुश्री मीनाक्षी नटराजन के नामांकन पत्र को निरस्त किए जाने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी सीधी द्वारा बुधवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने स्थित वीथिका भवन में एक दिवसीय शांतिपूर्ण उपवास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
कांग्रेस नेताओं ने नामांकन निरस्तीकरण को लोकतांत्रिक मूल्यों पर आघात बताते हुए निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया तथा संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखने की मांग की। इस अवसर पर लोकतंत्र, संविधान और जनाधिकारों की रक्षा का संकल्प भी लिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने भाजपा पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा अब केवल वोट चोरी तक सीमित नहीं रही, बल्कि सीट चोरी की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किया जाना लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को प्रभावित करने का प्रयास है।
ज्ञान सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज को दबाना और राजनीतिक प्रतिस्पर्धा को समाप्त करना देश के संवैधानिक ढांचे को कमजोर करने जैसा है।
जनहित और न्याय की लड़ाई जारी रखने का संकल्प
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी जनहित, सामाजिक न्याय और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। अन्याय, तानाशाही और लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। कार्यकर्ताओं से लोकतंत्र की रक्षा और जनता की आवाज को मजबूत करने के लिए एकजुट रहने का आह्वान किया गया।
लोकतंत्र और संविधान बचाने का लिया संकल्प
उपवास कार्यक्रम के दौरान कांग्रेसजनों ने संविधान के सम्मान, लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और नागरिक अधिकारों की रक्षा का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि संविधान सभी नागरिकों को समान अधिकार और न्याय की गारंटी देता है, इसलिए इसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
कार्यक्रम में रहे उपस्थित
उपवास कार्यक्रम में विनोद मिश्रा, ज्ञानेंद्र अग्निहोत्री, दिनेश पाठक, हरिहर सोनी, नवीन सिंह, भूपेंद्र सिंह, दिलीप सितानी, अखंड प्रताप सिंह, जय सिंह, करुण सिंह, प्रदीप सिंह, विवेक सिंह, अरविंद तिवारी, रामभिलाष पटेल, राणा प्रताप सिंह, प्रदीप द्विवेदी, रजनीश श्रीवास्तव, अशोक कोरी, गोविंद गुप्ता, मेनका सिंह, शीला साकेत, गौरी साकेत, पुष्पा सिंह, सुशीला साकेत, अरविंद सिंह, रनशेर अली, बिष्णु सिंह, नागेश्वर साकेत, विक्रांत परिहार, विकास परिहार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।