अमिलिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 26 शीशी प्रतिबंधित ऑनरेक्स कफ सिरप के साथ युवक गिरफ्तार

सीधी, 08 जून 2026। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अमिलिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोडीन युक्त प्रतिबंधित ऑनरेक्स कफ सिरप के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 26 शीशी कफ सिरप और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव एवं एसडीओपी चुरहट के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 7 जून को थाना अमिलिया की टीम क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्राम कोदौरा में मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति हनुमना की ओर से हिनौती की तरफ अवैध रूप से कोडीन फॉस्फेट युक्त ऑनरेक्स कफ सिरप लेकर आ रहा है। सूचना के आधार पर ग्राम हरदी स्थित मुड़ा पहाड़ शिव मंदिर के पास घेराबंदी की गई।
कुछ समय बाद मुखबिर के बताए हुलिए का एक युवक विक्रांता मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली, जिसमें उसके बैग से 26 शीशी ऑनरेक्स कफ सिरप (100-100 एमएल) बरामद हुई। पूछताछ के दौरान आरोपी उक्त दवा से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
जब्त सामग्री
26 शीशी कोडीन युक्त ऑनरेक्स कफ सिरप
कीमत : ₹10,400
विक्रांता मोटरसाइकिल क्रमांक MP53 MG 3612
कीमत : ₹70,000
कुल जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत ₹80,400 बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपी
रत्नेश सोनी (29 वर्ष)
पिता – हरिप्रसाद सोनी
निवासी – हिनौती, थाना अमिलिया, जिला सीधी
मामला दर्ज
आरोपी के विरुद्ध थाना अमिलिया में धारा 8/21/22 एनडीपीएस एक्ट तथा धारा 5/13 म.प्र. ड्रग कंट्रोल अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे अपराधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।