पड़रिया खुर्द में नदी-नाले में जहर डालकर मछली पकड़ने का मामला, जलजीवों की मौत से बढ़ी चिंता

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव
शहपुरा/डिंडौरी। विकासखंड शहपुरा अंतर्गत ग्राम पड़रिया खुर्द के टोंघाबड़ा पत्थर।घाट में
नदी- में जहर डालकर मछली पकड़ने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों के अनुसार कुछ लोगों द्वारा नांदिया नाला सहित अन्य जल स्रोतों में जहरीले पदार्थ का उपयोग कर मछलियों का शिकार किया जा रहा है, जिससे बड़ी संख्या में मछलियों सहित अन्य जलजीवों की मौत हो रही है। इस घटना से क्षेत्र में पर्यावरणीय संतुलन प्रभावित होने के साथ-साथ ग्रामीणों की पेयजल एवं दैनिक उपयोग की समस्याएं भी बढ़ गई हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि जहरीले पदार्थ के प्रभाव से पानी में भारी गंदगी दिखाई दे रही है तथा मृत मछलियों और अन्य जीव-जंतुओं के कारण जल स्रोत प्रदूषित हो गए हैं। वर्तमान समय में क्षेत्र में जल स्रोतों का स्तर पहले से ही कम है और लोग पानी की कमी से जूझ रहे हैं। ऐसे में नदी-नालों में जहर डालने की घटनाओं ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है।
ग्रामीणों का कहना है कि दूषित पानी के कारण उन्हें स्नान करने में भी परेशानी हो रही है। कई लोग इसी जल स्रोत पर निर्भर हैं, लेकिन पानी की गुणवत्ता खराब होने से उपयोग करने में डर महसूस कर रहे हैं। वहीं पेयजल संकट के बीच जल स्रोतों के प्रदूषित होने से लोगों की चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि कुछ व्यक्तियों को नांदिया नाला में जहर का इस्तेमाल कर मछलियां मारते हुए पकड़ा गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन, मत्स्य विभाग और पर्यावरण विभाग से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसी गतिविधियों पर रोक नहीं लगाई गई तो जल स्रोत पूरी तरह प्रदूषित हो सकते हैं, जिससे मानव स्वास्थ्य, पशुधन और पर्यावरण पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। लोगों ने जल स्रोतों की सुरक्षा और नियमित निगरानी की भी मांग की है।