6 वर्षों से जलभराव की मार झेल रहा ग्राम मढ़ा, CEO की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

सीधी। जनपद पंचायत रामपुर नैकिन अंतर्गत ग्राम मढ़ा में वर्षों से बनी जल निकासी और जलभराव की समस्या को लेकर आम आदमी पार्टी ने प्रशासन पर सवाल खड़े किए हैं। पार्टी के प्रदेश सचिव राम चरण सोनी ने आरोप लगाया है कि ग्राम मढ़ा के ग्रामीण पिछले लगभग छह वर्षों से जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा स्थायी समाधान नहीं किया गया।
राम चरण सोनी ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि बरसात के दौरान गांव में गंदा पानी भर जाने से लोगों के घर प्रभावित होते हैं तथा स्वास्थ्य संबंधी गंभीर खतरे उत्पन्न हो जाते हैं। इसके बावजूद जनपद पंचायत रामपुर नैकिन के अधिकारियों द्वारा समस्या के निराकरण के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए।
उन्होंने जनपद पंचायत रामपुर नैकिन के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) राजीव तिवारी की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्न उठाते हुए कहा कि ग्रामीणों द्वारा कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। विज्ञप्ति में यह भी दावा किया गया है कि शिकायतकर्ताओं को दबाव और धमकियों का सामना करना पड़ता है तथा उनके साथ अभद्र व्यवहार किए जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं।
आम आदमी पार्टी नेता ने मांग की है कि पूरे मामले की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा जांच पूरी होने तक संबंधित अधिकारी को पद से हटाने अथवा अन्यत्र स्थानांतरित करने पर विचार किया जाए।
राम चरण सोनी ने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के प्रमुख सचिव, रीवा संभाग के आयुक्त तथा कलेक्टर सीधी को विस्तृत शिकायत पत्र भेजा गया है। शिकायत में ग्राम मढ़ा की जल निकासी समस्या, सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के कथित भ्रामक निराकरण और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की गई है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि लंबे समय से लंबित इस समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आम आदमी पार्टी ग्रामीणों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण जनआंदोलन करेगी।
पार्टी ने प्रशासन से मांग की है कि ग्राम मढ़ा में स्थायी जल निकासी व्यवस्था और नाली निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत कर जल्द पूरा कराया जाए, साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए।
रिपोर्ट : शाहिद खान | प्राइड इंडिया न्यूज़, सीधी